गोरखपुर से मुख्यमंत्री योगी ने किया 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' का शुभारंभ, उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य

जनपत की खबर , 17

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर से 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' का शुभारंभ करते हुए प्रदेश में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया। अभियान के प्रति लोगों में व्यापक उत्साह देखने को मिला। सुबह 8 बजे तक प्रदेश के 11,206 स्थलों पर एक करोड़ पौधों का रोपण किए जाने का लक्ष्य पूरा कर लिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने और प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास वाटिका की स्थापना की, वन विभाग द्वारा तैयार वानिकी आधारित कैलेंडर का विमोचन किया तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को पौधों का वितरण किया। इसके अलावा कार्बन क्रेडिट योजना के अंतर्गत किसानों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए और वनाच्छादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नागरिकों को सम्मानित करते हुए चेक वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर 'पवित्र त्रिवेणी' तथा रामगढ़ ताल रिंग रोड पर 'मौलश्री' का पौधा रोपकर अभियान का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हरित पर्यावरण ही समृद्ध उत्तर प्रदेश की आधारशिला है और जनसहभागिता से 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निश्चित रूप से प्राप्त किया जाएगा।

प्रदेशभर में चल रहे इस महाअभियान के तहत विभिन्न सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित कर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाना है।

Related Articles

Comments

Back to Top