BBAU लखनऊ में फूड पॉइजनिंग से छात्रा की मौत, ABVP ने प्रशासन पर साधा निशाना, उच्चस्तरीय जांच की मांग
अन्य खबरे Apr 29, 2026 at 07:50 PM , 23लखनऊ:
बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय के यशोधरा गर्ल्स हॉस्टल में फूड पॉइजनिंग के कथित मामले में ‘इंटिग्रेटेड बेसिक साइंस’ की छात्रा अनामिका की मौत हो जाने से विश्वविद्यालय परिसर में आक्रोश और शोक का माहौल है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
अभाविप ने इसे महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय प्रशासन की गंभीर लापरवाही, उदासीनता और छात्र-जीवन के प्रति संवेदनहीनता का उदाहरण बताया है। परिषद का कहना है कि जिस परिसर में छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, वहां ऐसी घटनाएं पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
अभाविप के प्रदेश मंत्री अर्पण कुशवाहा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में बदहाल व्यवस्थाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही छात्रावासों की खान-पान व्यवस्था में तत्काल सुधार और मृत छात्रा के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग भी की गई।
वहीं महानगर मंत्री सरिता पाण्डेय ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि एक विद्यार्थी केवल संख्या नहीं, बल्कि एक परिवार के सपनों और उम्मीदों का केंद्र होता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित माने जाने वाले विश्वविद्यालय परिसर में इस तरह की घटना अत्यंत चिंताजनक है और प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना चाहिए।
विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष अमरप्रीत कौर ने भी प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि छात्र बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर यहां आते हैं, लेकिन जब उन्हें शुद्ध पानी और गुणवत्तापूर्ण भोजन जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिलतीं, तो उनके सपने टूट जाते हैं। उन्होंने अनामिका की मौत के लिए सीधे तौर पर विश्वविद्यालय प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।
अभाविप ने स्पष्ट किया है कि वह इस मामले में न्याय मिलने तक अपना संघर्ष जारी रखेगी।
(यह प्रेस विज्ञप्ति प्रान्त कार्यालय मंत्री भूपेन्द्र वर्मा द्वारा जारी की गई है।)



























Comments