भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी में छात्रा की मौत पर बवाल: सैकड़ों छात्रों का कुलपति आवास घेराव, मेस व्यवस्था पर उठे सवाल

राष्ट्रीय , 19

लखनऊ। राजधानी के आशियाना क्षेत्र स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद कैंपस में तनाव का माहौल बन गया। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही सैकड़ों छात्र-छात्राएं आक्रोशित हो उठे और देर रात कुलपति आवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बलिया जनपद के अवराई खुर्द निवासी अनामिका सिंह (पुत्री दीनानाथ सिंह) यूनिवर्सिटी में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थीं और यशोधरा हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थीं। बीते 19 अप्रैल को हॉस्टल में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। प्रारंभिक उपचार के बाद परिजन उन्हें घर ले गए, लेकिन हालत में सुधार न होने पर वाराणसी में भर्ती कराया गया, जहां 26 अप्रैल को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मंगलवार शाम जैसे ही छात्रा की मौत की सूचना यूनिवर्सिटी परिसर में पहुंची, छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया। रात करीब 11 बजे सैकड़ों छात्र-छात्राएं कैंपस में एकत्र हुए और मेस के भोजन की गुणवत्ता समेत अन्य व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कुलपति आवास का घेराव कर धरने पर बैठ गए। रातभर नारेबाजी और प्रदर्शन चलता रहा, जो बुधवार को भी जारी रहा।
प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल मेस का खाना घटिया है और इसी के चलते छात्रा की तबीयत बिगड़ी थी। उन्होंने मेस व्यवस्था में सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार रात ही जांच कमेटी गठित कर दी है। यूनिवर्सिटी की पीआरओ डॉ. रचना गंगवार के अनुसार, छात्रा को बुखार की शिकायत थी और वह 20 अप्रैल को अवकाश लेकर अपने घर चली गई थी। हॉस्टल प्रशासन को भोजन से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
छात्रा की मौत के बाद कैंपस में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, वहीं छात्र अपनी मांगों को लेकर अब भी डटे हुए हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top