यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा शुरू: 25 लाख अभ्यर्थी मैदान में, सख्त सुरक्षा के बीच 3 दिन चलेगी परीक्षा

जनपत की खबर , 18

लखनऊ। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा शनिवार से प्रदेशभर में शुरू हो गई है। यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी, जिसमें लाखों अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। पहले दिन की पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक शुरू हो चुकी है, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।
इस भर्ती परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है। 41,424 पदों के लिए करीब 25 लाख अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा 74 जिलों के 1,053 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है, जहां सुरक्षा और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।
राजधानी लखनऊ में परीक्षा के लिए 55 केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 1.33 लाख अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। प्रत्येक पाली में करीब 22 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को कड़ी जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। प्रवेश से पहले दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ रेटिना स्कैन और बायोमेट्रिक सत्यापन भी अनिवार्य किया गया है।
प्रशासन और पुलिस ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, वहीं निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों का भी व्यापक उपयोग किया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी दिशा-निर्देशों का पालन कराया जा रहा है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की भागीदारी को देखते हुए यातायात व्यवस्था भी सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top