जन भवन लखनऊ में शिक्षा का नया अध्याय: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी ने किया आधुनिक विद्यालय का उद्घाटन, AI लैब समेत अत्याधुनिक सुविधाएं शुरू

जनपत की खबर , 30

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन भवन, लखनऊ में आदर्श माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने “हमारा जन भवन” पुस्तक का विमोचन भी किया और विद्यालय के लिए नई बस की चाबी प्रधानाचार्य एवं चालक को सौंपकर छात्रों को एक और सुविधा प्रदान की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने बताया कि राजभवन परिसर में वर्ष 1961 से संचालित परिषदीय विद्यालय का व्यापक कायाकल्प किया गया है। अब इस विद्यालय को कक्षा 10 तक उच्चीकृत कर दिया गया है, जिसमें 14 आधुनिक कक्षाएं, कंप्यूटर लैब और अत्याधुनिक एआई लैब जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पिछले 9 वर्षों में “ऑपरेशन कायाकल्प” अभियान के माध्यम से परिषदीय विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार किया गया है। वहीं “स्कूल चलो अभियान” के तहत बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं, जिसके परिणामस्वरूप नामांकन में वृद्धि हुई है और ड्रॉपआउट दर में कमी आई है।
सरकार की प्राथमिकता बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना भी है। इसी क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को कक्षा 8 से बढ़ाकर 12 तक उच्चीकृत किया जा रहा है, जिससे प्रदेश के 746 बालिका विद्यालयों को लाभ मिलेगा। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक ब्लॉक में बालिकाओं के लिए इंटरमीडिएट स्तर तक शिक्षा उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि नई शिक्षा नीति 2021 के तहत “लर्निंग बाय डूइंग” जैसी अवधारणाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे छात्रों को व्यावहारिक एवं कौशल आधारित शिक्षा मिल सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें बेहतर शिक्षा, आधुनिक संसाधन तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे प्रयासों से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा नई पीढ़ी आत्मनिर्भर और सक्षम बनेगी।

Related Articles

Comments

Back to Top