लखनऊ के वृंदावन डिवीजन में बड़ी लापरवाही: बिना सुरक्षा उपकरण के काम कर रहा लाइनमैन गिरकर गंभीर रूप से घायल
जनपत की खबर Apr 03, 2026 at 10:02 PM , 117लखनऊ। लखनऊ के वृंदावन डिवीजन में बिजली विभाग की घोर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है, जहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण एक संविदा लाइनमैन गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, लाइनमैन विजय कुमार रजनी खंड उपकेंद्र पर तैनात था और 33 केवी पोल पर कार्य कर रहा था। आरोप है कि उसे आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन संविदा/निविदा कर्मचारी संघ, लखनऊ के जिला संगठन मंत्री दिलीप शर्मा ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह हादसा पूरी तरह विभागीय लापरवाही का परिणाम है।
दिलीप शर्मा ने संबंधित उच्च अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। साथ ही घायल कर्मचारी को बीमा योजना के तहत समुचित इलाज उपलब्ध कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग भी की है।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक संविदा कर्मचारियों की सुरक्षा से समझौता किया जाता रहेगा।































Comments