बीकेटी में ‘स्कूल चलो अभियान’ की धमाकेदार शुरुआत: 269 विद्यालयों में प्रवेश उत्सव, निशुल्क पुस्तकों का वितरण
जनपत की खबर Apr 01, 2026 at 04:40 PM , 26लखनऊ/बीकेटी। विकासखंड बक्शी का तालाब में नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के पहले दिन ‘स्कूल चलो अभियान’ की जोरदार शुरुआत हुई। इस अवसर पर क्षेत्र के विद्यालयों में प्रभात फेरियां निकालकर अभिभावकों और बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति शुक्ला ने बताया कि विकासखंड के सभी 269 विद्यालयों में एक साथ प्रवेश उत्सव मनाया गया। विद्यालयों को रंगोली और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा नव प्रवेशित बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
पहले ही दिन सभी बच्चों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया। पीएम श्री विद्यालय इटौंजा में नगर पंचायत अध्यक्ष अवधेश कुमार अवस्थी ने बच्चों को पुस्तकें वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया।
प्रीति शुक्ला ने बताया कि 15 अप्रैल तक विकासखंड की 17 न्याय पंचायतों में व्यापक स्तर पर ‘स्कूल चलो अभियान’ चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है।
इस अभियान में राकेश कुमार बाजपेई, एआरपी क्षमा तिवारी, कुमकुम तिवारी, अनुपम कुमार गुप्ता और वंदना श्रीवास्तव सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।




































Comments