लखनऊ में दिखा रमज़ान का चांद, 19 फरवरी से शुरू होगा पाक महीना
राष्ट्रीय Feb 18, 2026 at 07:15 PM , 86लखनऊ, 18 फरवरी 2026।
राजधानी लखनऊ में रमज़ान का चांद दिखाई देने की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। मरकज़ी चाँद कमेटी, फरंगी महल की ओर से जारी बयान में बताया गया कि आज 29 शाबान 1447 हिजरी, मुताबिक 18 फरवरी 2026 को रमज़ानुल मुबारक का चांद नजर आ गया है। इसके साथ ही पहला रोज़ा 19 फरवरी 2026, गुरुवार को रखा जाएगा।
कमेटी के सदर और ईदगाह व क़ाज़ी-ए-शहर लखनऊ मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने यह घोषणा करते हुए समस्त मुस्लिम समुदाय को रमज़ानुल मुबारक की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि रमज़ान रहमत, बरकत और मग़फिरत का महीना है, जिसमें इबादत, रोज़ा, तरावीह और जरूरतमंदों की मदद का विशेष महत्व है।
मरकज़ी चांद कमेटी के जनरल सेक्रेटरी मौलाना नईम-उर-रहमान सिद्दीकी ने बताया कि विभिन्न स्थानों से चांद दिखने की पुष्टि के बाद औपचारिक घोषणा की गई। उन्होंने लोगों से अपील की कि रमज़ान के पवित्र महीने में अमन-चैन, भाईचारे और सौहार्द की भावना को मजबूत करें।
रमज़ान के आगमन के साथ ही शहर की मस्जिदों में तरावीह की नमाज़ का सिलसिला शुरू होगा और बाजारों में भी रौनक बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इस प्रकार, राजधानी समेत प्रदेशभर में 19 फरवरी से रमज़ान का पाक महीना विधिवत प्रारंभ हो जाएगा।






























Comments