18 फरवरी से शुरू होंगी यूपी बोर्ड परीक्षाएं, लखनऊ में राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित

जनपत की खबर , 76

नकल रोकने व पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू

लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारंभ होकर 12 मार्च 2026 तक संचालित होंगी। परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस वर्ष भी व्यापक निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने जानकारी देते हुए बताया कि नकल की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा परीक्षा की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), उत्तर प्रदेश के शिविर कार्यालय, 18 पार्क रोड, लखनऊ में राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
यह कंट्रोल रूम पूरी परीक्षा अवधि के दौरान ऑनलाइन मॉनिटरिंग एवं नियमित समीक्षा के माध्यम से सभी जनपदों की गतिविधियों पर नजर रखेगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना पर तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे।
राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम का उद्घाटन 17 फरवरी 2026 को अपराह्न 3 बजे माध्यमिक शिक्षा विभाग की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी द्वारा किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा अवधि के दौरान कंट्रोल रूम से जनपदों के साथ त्वरित सूचना आदान-प्रदान, निगरानी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, जिससे परीक्षाएं शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराई जा सकें।
शिक्षा विभाग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

Related Articles

Comments

Back to Top