पिछड़ा वर्ग कल्याण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, जनपदवार मूल्यांकन का निर्णय

अन्य खबरे , 123

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग की बैठक बुधवार को आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, सदस्य सूर्य प्रकाश पाल सहित आयोग के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अन्य पिछड़े वर्गों के कल्याण, उत्थान एवं विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। प्रदेश सरकार द्वारा अन्य पिछड़े वर्गों के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी और समयबद्ध रूप से पहुंचे।
आयोग ने निर्णय लिया कि संबंधित योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ की स्थिति का जनपदवार मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे क्रियान्वयन में मौजूद कमियों की पहचान कर उन्हें दूर किया जा सके।
बैठक में अन्य पिछड़े वर्गों को नियुक्तियों एवं शैक्षिक प्रवेश में आरक्षण से संबंधित प्राप्त शिकायतों, कुम्हार जाति के लोगों को पट्टे दिए जाने से जुड़ी समस्याओं तथा विभिन्न जातियों के सम्मिलन एवं निष्कासन से संबंधित प्राप्त प्रत्यावेदनों पर भी गंभीरता से विचार किया गया।
आयोग ने सभी मामलों में तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सामाजिक न्याय की भावना के अनुरूप निर्णय लेने पर बल दिया। साथ ही संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि वे आयोग के निर्णयों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि अन्य पिछड़े वर्गों के हितों की प्रभावी रक्षा हो सके।

Related Articles

Comments

Back to Top