दिसंबर में यूपी का राजस्व बढ़ा, पिछले वर्ष से 1074 करोड़ रुपये अधिक प्राप्ति: वित्त मंत्री सुरेश खन्ना

जनपत की खबर , 133

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि प्रदेश के प्रमुख कर एवं करेत्तर राजस्व मदों से वित्तीय वर्ष 2025–26 के दिसंबर माह में कुल 18,679.38 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जबकि वित्तीय वर्ष 2024–25 के दिसंबर माह में यह आंकड़ा 17,605.32 करोड़ रुपये रहा था। इस प्रकार गत वर्ष की तुलना में दिसंबर माह में 1,074.06 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राजस्व प्राप्ति दर्ज की गई है।
वित्त मंत्री ने बताया कि कर राजस्व मदों के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025–26 में दिसंबर माह तक कुल 1,59,730.88 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है, जो इस अवधि तक निर्धारित लक्ष्य का 74.2 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि जीएसटी दरों में कमी से मांग में वृद्धि हुई है, जिसका सकारात्मक प्रभाव राजस्व संग्रह पर पड़ा है। आने वाले समय में राजस्व प्राप्ति और बेहतर होने की संभावना है।
श्री खन्ना ने बताया कि जीएसटी के अंतर्गत दिसंबर 2025 में 6,563.04 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि दिसंबर 2024 में यह 6,342.68 करोड़ रुपये था। वैट के अंतर्गत दिसंबर 2025 में 3,086.83 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी माह में 3,105.91 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में डीजल और पेट्रोल पर कर अन्य राज्यों की तुलना में कम है तथा इलेक्ट्रिक वाहनों और एथेनॉल के बढ़ते प्रयोग से ईंधन की खपत में कमी आई है।
आबकारी मद में दिसंबर 2025 के दौरान 4,682.84 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि दिसंबर 2024 में यह 4,141.75 करोड़ रुपये था। स्टाम्प एवं निबंधन मद से दिसंबर 2025 में 2,995.59 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी माह में 2,784.96 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था। परिवहन मद में दिसंबर 2025 की प्राप्ति 909.57 करोड़ रुपये रही, जबकि दिसंबर 2024 में यह 805.84 करोड़ रुपये थी।
करेत्तर राजस्व की प्रमुख मद भू-तत्व एवं खनिकर्म के अंतर्गत दिसंबर 2025 में 441.51 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जबकि दिसंबर 2024 में यह 424.18 करोड़ रुपये थी।
वित्त मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025–26 में दिसंबर माह तक मुख्य कर राजस्व के अंतर्गत कुल 1,59,730.88 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य 2,15,358.65 करोड़ रुपये के सापेक्ष 74.2 प्रतिशत है। राज्यकर मद में दिसंबर तक 1,30,053.55 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 84,060.96 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है, जो लक्ष्य का 64.6 प्रतिशत है।
आबकारी मद में 43,400 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 39,826.98 करोड़ रुपये (91.8 प्रतिशत), स्टाम्प एवं निबंधन मद में 28,525 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 24,389.06 करोड़ रुपये (85.5 प्रतिशत) तथा परिवहन मद में 10,092.60 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 8,844.01 करोड़ रुपये (87.6 प्रतिशत) की प्राप्ति दर्ज की गई है।
इसके अलावा भू-तत्व एवं खनिकर्म मद में दिसंबर तक 4,200 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 2,817.83 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है, जो लक्ष्य का 67.1 प्रतिशत है।

Related Articles

Comments

Back to Top