प्रदेश के गांवों और शहरों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें अधिकारी : ए.के. शर्मा
अन्य खबरे Nov 20, 2026 at 08:20 PM , 25अनावश्यक शटडाउन और बिजली ट्रिपिंग पर लगेगी रोक, दिसंबर में अनुरक्षण एवं पेड़ों की छंटाई का चलेगा विशेष अभियान
विधायक निधि से स्वीकृत विद्युत कार्यों में देरी पर ऊर्जा मंत्री नाराज, लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश
लखनऊ, 20 नवंबर। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को प्रदेश के प्रत्येक गांव और शहर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली ट्रिपिंग की समस्या किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रदेश में बिजली और बजट की कोई कमी नहीं है, इसलिए निचले स्तर पर मौजूद तकनीकी एवं प्रबंधन संबंधी खामियों को दूर कर उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
शुक्रवार को शक्ति भवन में आयोजित विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में ऊर्जा मंत्री ने बिजली आपूर्ति, अनुरक्षण कार्यों, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, विधायक निधि से संचालित परियोजनाओं और उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने फील्ड स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम करने की हिदायत दी।
विधायक निधि के कार्यों में देरी पर जताई नाराजगी
ऊर्जा मंत्री ने विधायक निधि से स्वीकृत विद्युत कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अनेक विधायकों ने अपने क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए अपनी निधि से धनराशि उपलब्ध कराई है, इसके बावजूद विभिन्न जनपदों में कई कार्य लंबित हैं। उन्होंने अधिकारियों से लंबित परियोजनाओं की संख्या, उनके विलंब की अवधि और देरी के कारणों की जानकारी मांगी। साथ ही सभी लंबित कार्यों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। स्वीकृत नए विद्युत उपकेंद्रों का स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शिलान्यास कराने और जरूरत के अनुसार ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने को भी कहा।
किसानों को निर्धारित अवधि में मिले बिजली
मंत्री ने कानपुर में पिछले सप्ताह किसानों को कई दिनों तक कम विद्युत आपूर्ति मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। अधिकारियों ने बताया कि बड़ी विद्युत लाइन पर काम होने के कारण सुबह से शाम तक शटडाउन लेना पड़ा था। इस पर मंत्री ने निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित अवधि के अनुसार बिजली उपलब्ध कराई जाए और बार-बार शटडाउन लेकर आपूर्ति बाधित न की जाए। उन्होंने सोनभद्र, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर सहित बिजली संबंधी समस्याओं वाले जनपदों पर विशेष ध्यान देने तथा तकनीकी एवं परिचालन संबंधी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।
दिसंबर में चलेगा विशेष अनुरक्षण अभियान
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि दिसंबर माह में विद्युत लाइनों के अनुरक्षण, पेड़ों की छंटाई और अन्य जरूरी तकनीकी कार्यों के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य बिजली आपूर्ति को अधिक सुचारु बनाना और ट्रिपिंग की समस्या को कम करना है। उन्होंने विजिलेंस विभाग को संगठित तरीके से बड़े पैमाने पर बिजली चोरी करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
सोशल मीडिया की शिकायतों का तत्काल हो समाधान
मंत्री ने सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त बिजली संबंधी शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर निस्तारण किया जाए। शिकायतकर्ता को उसी माध्यम से समाधान की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने कहा कि कुछ जनपदों में राजनीतिक एजेंडे के तहत काम कर सरकार की छवि धूमिल करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शिकायतें मिल रही हैं। ऐसे कार्मिकों को चिह्नित कर जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद ने भी बार-बार और लंबे समय तक शटडाउन लिए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को अनावश्यक शटडाउन पर रोक लगाने, विद्युत ट्रिपिंग की समस्या दूर करने और तकनीकी कमियों को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीजी विजिलेंस रामकृष्ण स्वर्णकार, एमडी यूपीपीसीएल नीतीश कुमार, मयूर माहेश्वरी सहित विद्युत विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।






_page-0001.jpg)




















Comments