सहकारी समितियों को बड़ी राहत, पीसीएफ ने कमीशन भुगतान के लिए भेजे 47.18 करोड़ रुपये

अन्य खबरे , 23

धान खरीद में अब समितियों को मिलेगा 100 प्रतिशत कमीशन, पहले मिलती थी केवल 60 प्रतिशत राशि

लखनऊ, 20 नवंबर। उत्तर प्रदेश की सहकारी समितियों को बड़ी आर्थिक राहत देते हुए उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (पीसीएफ) ने धान एवं गेहूं खरीद वर्ष 2025-26 के कमीशन भुगतान के लिए 47.18 करोड़ रुपये की धनराशि प्रदेश के विभिन्न जनपदों को भेज दी है। सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से प्रदेशभर की सहकारी समितियों को लंबित कमीशन का भुगतान मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

पीसीएफ के प्रबंध निदेशक डॉ. नीरज शुक्ला ने बताया कि धान खरीद वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 59 जनपदों को 38.55 करोड़ रुपये तथा गेहूं खरीद के मद में 75 जनपदों को 8.63 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इस प्रकार कुल 47.18 करोड़ रुपये की धनराशि जनपदों को प्रेषित की गई है।

उन्होंने बताया कि आवंटित धनराशि में शाहजहांपुर को 2.75 करोड़ रुपये, बहराइच को 2.31 करोड़ रुपये, सीतापुर को 1.76 करोड़ रुपये, पीलीभीत को 1.62 करोड़ रुपये तथा जौनपुर को 1.54 करोड़ रुपये भेजे गए हैं।

अब मिलेगा 100 प्रतिशत कमीशन

सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर के विशेष निर्देश पर धान खरीद में सहकारी समितियों को अब कमीशन का शत-प्रतिशत भुगतान किया जा रहा है। इससे पहले समितियों को केवल 60 प्रतिशत कमीशन ही दिया जाता था। कमीशन की पूरी धनराशि मिलने से समितियों को अपने कर्मचारियों को देय भुगतान और लाभ वितरण में सहूलियत होगी। साथ ही उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।

लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों की जवाबदेही

पीसीएफ के प्रबंध निदेशक डॉ. नीरज शुक्ला ने सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आवंटित धनराशि का भुगतान संबंधित सहकारी समितियों को बिना किसी विलंब के तत्काल सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भुगतान प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय की जाएगी।

पीसीएफ प्रशासन का कहना है कि सहकारी समितियों के लंबित देयकों का समयबद्ध निस्तारण उसकी प्राथमिकता है, ताकि समितियां सुचारू रूप से काम कर सकें और किसानों को खरीद प्रक्रिया के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा सकें।

Related Articles

Comments

Back to Top