सहकारिता विभाग की 10 वर्षों की उपलब्धियों का होगा व्यापक प्रदर्शन, कार्मिकों के प्रशिक्षण पर जोर

अन्य खबरे , 23

30 नवंबर तक पैक्स और सहकारी समितियों के अध्यक्षों व क्लर्कों के प्रशिक्षण की कार्ययोजना लागू करने के निर्देश

1 से 10 दिसंबर तक आयोजित होगा कोआपरेटिव एक्सपो, जिला सहकारी बैंकों में भी होंगे विशेष कार्यक्रम

लखनऊ, 20 नवंबर। उत्तर प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए सहकारिता विभाग ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को लखनऊ में सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर की अध्यक्षता में आयोजित सहकारी कार्यशाला में विभाग की विगत 10 वर्षों की प्रगति रिपोर्ट और उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया गया। कार्यशाला में सहकारी संस्थाओं की कार्यक्षमता बढ़ाने, कार्मिकों को प्रशिक्षित करने और सहकारिता क्षेत्र में जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यशाला में विभाग की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और सहकारी क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी साझा की गई। साथ ही सहकारी संस्थाओं को अधिक सक्षम, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान सहकारी कार्मिकों की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार विशेष प्रशिक्षण मॉड्यूल का भी प्रस्तुतीकरण किया गया।

सहकारिता मंत्री जे.पी.एस. राठौर ने निर्देश दिए कि आगामी 30 नवंबर तक प्रदेश की सभी प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) एवं अन्य सहकारी समितियों के अध्यक्षों और क्लर्कों के प्रशिक्षण की कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी ढंग से लागू की जाए। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए उनके पदाधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षित, दक्ष तथा तकनीकी रूप से सक्षम होना आवश्यक है। व्यवस्थित एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण से संस्थाओं के कामकाज में सुधार आएगा और उनकी कार्यक्षमता बढ़ेगी।

1 से 10 दिसंबर तक लगेगा कोआपरेटिव एक्सपो

मंत्री ने बताया कि सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों, उत्पादों, नवाचारों और संभावनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से 1 से 10 दिसंबर तक 'कोआपरेटिव एक्सपो' का आयोजन किया जाएगा। इसमें सहकारी संस्थाओं के उत्पादों, सफल गतिविधियों और कार्यों का प्रदर्शन किया जाएगा। इससे सहकारी क्षेत्र को व्यापक पहचान मिलने के साथ ही आम लोगों को इसकी उपलब्धियों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

इसके अतिरिक्त दिसंबर माह में प्रदेश के सभी जिला सहकारी बैंकों के मुख्यालयों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में सहकारिता विभाग की पिछले 10 वर्षों की उपलब्धियों और कार्यप्रगति का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। इसमें किसान सहकारी बंधुओं के साथ सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों, सदस्यों और अन्य संबंधित लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यशाला में प्रमुख सचिव सहकारिता अजय कुमार शुक्ला, आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता कुमार प्रशान्त, अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) सैन्मुयल पाल एन. सहित विभिन्न शीर्ष सहकारी संस्थाओं, जिला सहकारी बैंकों, पैक्स एवं संघों के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक उपस्थित रहे। इसके अलावा विभाग के अपर आयुक्त, अपर निबंधक, संयुक्त आयुक्त, उप आयुक्त, सहायक आयुक्त तथा प्रदेशभर से आए सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने भी सहभागिता की।

Related Articles

Comments

Back to Top