लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा को मिलेगी रफ्तार, 6 जनवरी को हरी झंडी, 7 से नियमित संचालन

जनपत की खबर , 119

लखनऊ।
राजधानी लखनऊ में पर्यटन को नई गति देने और शहर की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह मंगलवार, 6 जनवरी को सुबह 10 बजे 1090 चौराहे से लखनऊ दर्शन बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह बस पर्यटकों को एक ही यात्रा में राजधानी की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आधुनिक विरासत से रूबरू कराएगी।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक शहरी पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) द्वारा लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा शुरू की जा रही है। दो सफल मॉक ड्रिल के बाद यह सेवा 7 जनवरी 2026 से आम नागरिकों और पर्यटकों के लिए नियमित रूप से उपलब्ध होगी। यह पहल न केवल लखनऊ की समृद्ध विरासत को नए अंदाज में प्रस्तुत करेगी, बल्कि सतत (सस्टेनेबल) पर्यटन को भी मजबूती प्रदान करेगी।
प्रातःकालीन टूर (सुबह 8:30 से 11:30 बजे):
यात्रा की शुरुआत 1090 चौराहे से होगी। इस दौरान पर्यटक राजभवन, जीपीओ और हजरतगंज का भ्रमण करेंगे। इसके बाद बेगम हजरत महल पार्क, ग्लोब पार्क और छतर मंजिल होते हुए 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक रेजीडेंसी परिसर (40 मिनट) का अवलोकन कराया जाएगा। सिब्तैनाबाद इमामबाड़ा से होते हुए बस पुनः हजरतगंज पहुंचेगी, जहां विधानसभा भवन (40 मिनट) का विशेष भ्रमण कराया जाएगा। इसके पश्चात राजभवन, कैथेड्रल चर्च के मार्ग से यूपी दर्शन पार्क (30 मिनट) होते हुए आंबेडकर पार्क और गोमती रिवर फ्रंट से गुजरते हुए यात्रा 1090 चौराहे पर समाप्त होगी। इस टूर पैकेज में रेजीडेंसी और यूपी दर्शन पार्क का प्रवेश शुल्क शामिल है, साथ ही विधानसभा भवन में विशेष प्रवेश की व्यवस्था भी की गई है।
सायंकालीन टूर (शाम 4:00 से 7:00 बजे):
शाम का टूर 1090 चौराहा, गोमती नगर से प्रारंभ होगा। बस यूपी दर्शन पार्क (30 मिनट) पहुंचेगी, इसके बाद आंबेडकर पार्क, गोमती रिवर फ्रंट, कैथेड्रल चर्च और राजभवन के रास्ते विधानसभा भवन (40 मिनट) का भ्रमण कराया जाएगा। सिब्तैनाबाद इमामबाड़ा होते हुए पर्यटक रेजीडेंसी पहुंचेंगे, जहां लाइट एंड साउंड शो का आनंद ले सकेंगे। इसके पश्चात छतर मंजिल, ग्लोब पार्क, बेगम हजरत महल पार्क और जीपीओ होते हुए यात्रा फूड वैली पर समाप्त होगी।
लखनऊ दर्शन बस सेवा 7 जनवरी 2026 से नियमित रूप से संचालित होगी। यात्री अपनी सुविधा के अनुसार सुबह या शाम के टूर पैकेज का चयन कर सकते हैं। वयस्कों (12 वर्ष से अधिक) के लिए किराया 500 रुपये तथा बच्चों (5 से 12 वर्ष) के लिए 400 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। यात्रा के दौरान यात्रियों को हल्का जलपान भी उपलब्ध कराया जाएगा। अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के उद्देश्य से 31 जनवरी तक टिकट बुकिंग पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इच्छुक यात्री https://www.upstdc.co.in/ के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं।
लखनऊ दर्शन एलिवेटेड सिटी टूर इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा के शुभारंभ अवसर पर बस में मीडिया प्रतिनिधि, टूर एवं ट्रैवल उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ, पर्यटन और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य अतिथि सवार होंगे, जो इस अभिनव पहल के साक्षी बनेंगे।

Related Articles

Comments

Back to Top