फरीदपुर से भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का हार्ट अटैक से निधन, सर्किट हाउस में बैठक के बाद बिगड़ी तबीयत
अन्य खबरे Jan 02, 2026 at 06:58 PM , 215बरेली। फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को आकस्मिक निधन हो गया। सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के साथ बैठक में शामिल होने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल पीलीभीत रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
शुक्रवार को सर्किट हाउस में विभिन्न सरकारी योजनाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल भी मौजूद थे। बैठक समाप्त होने के बाद जैसे ही वह कक्ष से बाहर निकले, अचानक लड़खड़ाकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें पीलीभीत बाईपास स्थित मेडिसिटी हॉस्पिटल (हायर सेंटर) पहुंचाया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, भर्ती किए जाने तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। उन्हें वेंटिलेटर पर भी रखा गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
डॉ. श्याम बिहारी लाल फरीदपुर से दूसरी बार विधायक थे। इसके साथ ही वह महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के पद पर भी कार्यरत थे। उनके निधन की खबर मिलते ही बरेली, फरीदपुर और लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अथाह दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”



























Comments