अयोध्या में रामभक्ति का महापर्व: योगी–राजनाथ ने हनुमानगढ़ी व श्रीराम जन्मभूमि में किया विधिवत पूजन

जनपत की खबर , 118

अयोध्या।
प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अयोध्या में हनुमानगढ़ी एवं श्रीराम जन्मभूमि परिसर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। दोनों नेताओं ने संकट मोचन हनुमान के चरणों में शीश नवाया और प्रभु श्रीरामलला के दरबार में देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
बुधवार सुबह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अयोध्या पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे और मंत्रोच्चार के बीच संकट मोचन हनुमान के दर्शन किए।
हनुमानगढ़ी से निकलने के बाद दोनों नेता श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचे। यहां प्रभु श्रीरामलला मंदिर एवं राम दरबार में विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। आरती उतारने के साथ मंदिर की परिक्रमा की गई और राष्ट्र, प्रदेश तथा जनकल्याण के लिए प्रार्थना की गई।
इसके उपरांत श्रीराम की जयघोष और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मां अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर धर्मध्वजा का आरोहण किया।
दर्शन-पूजन के पश्चात जब मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री मंदिर परिसर से बाहर निकले तो श्रद्धालुओं ने ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथ हिलाकर जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया तथा बच्चों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और उत्साह का वातावरण बना रहा।

Related Articles

Comments

Back to Top