*प्रो सत्यमूर्ति जन्मशती नाट्य समारोह की पांचवीं अंतिम शाम* *'पूर्णम' : भौतिकता से दर्शन की दहलीज तक*
जनपत की खबर Nov 21, 2026 at 01:40 AM , 42*(राजवीर रतन)*
लखनऊ, 20 नवम्बर। संत गाडगेजी महाराज प्रेक्षागृह गोमतीनगर में शुभदीप राहा के लेखन निर्देशन में मंचित नाटक 'पूर्णम' भौतिकतावाद और दो पीढ़ियों की सोच को दर्शकों के सामने रखते हुए भारतीय दर्शन की दहलीज पर पहुंचाकर थम गया।
संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार और एसबीआई के सहयोग से 16 नवम्बर से शुरू हुए दर्पण लखनऊ द्वारा आयोजित प्रो सत्यमूर्ति जन्मशती नाट्य समारोह की पांचवीं और अंतिम शाम की इस प्रस्तुति में एक हिसाब से दो कथाएं समानांतर चलती हैं।
कहानी में मां संध्या और उसका पांच साल का बेटा इंदर पति और पिता नीलकंठ के ग़ुम हो जाने से अचानक बेसहारा हो जाते हैं।नाटक का पर्दा 36 साल बाद उठता है जब वो बेटा आयात निर्यात के जायज़ और नाजायज़ धंधे से अकूत धन और सोना अर्जित कर लेता है और उसे अपने दोस्त से फोन पर सूचना मिलती है कि घर पर कभी भी अवैध सम्पत्ति की तलाश में छापा पड़ सकता है। छापा डालने वालों के इंतज़ार में मां संध्या का दरवाज़े पर पिता नीलकंठ से सामना होता है। सब हतप्रभ, पिता अंदर आते हैं। यहां विजुअल बहुत प्रभावी बना है। यहीं से नाटक एकदम बदल भी जाता है। यहां एक तरफ मां-बेटे की भौतिकतावादी सोच है, इंदर की पत्नी का सामंजस्य बैठाने का प्रयास है तो दूसरी तरफ 36 साल पहले गलती से अपहृत हुए और फिर वहां से भागकर म्यांमार पहुंचने पर दूसरे कुचक्र में फंसकर सालों-साल जेल में रहने के बाद घर वापसी करने वाले पिता नीलकंठ का परिवार के लिए त्याग और समर्पण का दर्शन। अंत में नीलकंठ बेटे इंदर की ड्राफ्ट की उस चिट्ठी पर दस्तख़त कर देते हैं जिसमें सोना और धन उनके द्वारा ग़लत ढंग से इकट्ठा करने की स्वीकृति है। फिर वह देह छोड़ देता है। श्लोक उभरता है- 'ॐ पूर्णमदः पूर्णमिदं....।' लेखक निर्देशक के ही एक दिन पहले मंचित नाटक 'स्वाहा' में जहां सैनिक पिता देशद्रोही पुत्र को गोली मार देता है, वहीं इस नाटक में पिता पुत्र और परिवार के खुद को स्वाहा कर देता है। नाटक के अंत में गूंंजा ईशावास्य उपनिषद् का गूंजा श्लोक कहता है कि वह परमात्मा पूर्ण है, ये संसार भी पूर्ण है। जीवात्मा भी पूर्ण है। उस पूर्ण से ही इस पूर्ण की उत्पत्ति हुई है। उस पूर्ण में से पूर्ण को निकाल लेने पर भी वह पूर्ण ही बना रहता है। इस तरह निर्देशक अंत में भौतिकता से अध्यात्म की ओर इशारा भर करता है, पर व्याख्या को दर्शकों के चिंतन के लिए छोड़ देता है। हालांकि, तीन नाटकों में मैंने नोट किया कि लेखक निर्देशक को निर्देशक को चीजों का अतिरंजित स्वरूप ज़्यादा पसंद है, जैसे इस नाटक के शुरुआती दृश्य। फिर भी ये उनका कौशल है कि दृश्य निर्माण में वे परिस्थितियां पैदा कर रोचक तथ्य संवादों से चरित्रों के साथ दर्शकों को भी बांधे चलते हैं। पूरे नाटक में छापा टीम कहीं नहीं आती, बल्कि इंदर के भेजे एक सहयोगी जगताप के मार्फ़त उन्होंने सस्पेंस के साथ अच्छा हास्य भी पैदा किया। नाटक में नीलकंठ उपाध्याय बने। डा अनिल रस्तोगी के साथ संध्या- चित्रा मोहन, इंदर- अम्बरीष बाबी, जगताप- संजय देगलूरकर और अपर्णा- अलका विवेक ने संजीदगी से चरित्र निभाने का यत्न किया है। मंच के पीछे प्रियांक कठेरिया के प्रकाश संचालन में स्मोक इफेक्ट का प्रयोग केवल एक-दो जगह ही वांछित था, वह कुछ ज़्यादा ही हुआ। संगीत तैयार करने में स्वतंत्र पाण्डे व हर्षित शुक्ला और ध्वनि संचालन में अस्मित कुमार का योगदान रहा। वेशभूषा- सह निर्देशक प्रिया सिंह राठौर, मुख सज्जा- मनोज वर्मा और सेट निर्माण मधुसूदन व नंदकिशोर का रहा। अन्य पक्षों में वंश श्रीवास्तव, विजित सिंह, मनीष सैनी, अंशू इत्यादि का योगदान रहा।
अआखिरी सांझ मुख्य अतिथि रंग निर्देशक सूर्यमोहन कुलश्रेष्ठ के साथ अभिनेत्री नृत्यांगना व समाचार वाचिका शोभना जगदीश, अभिनेता विजय वास्तव, अभिनेता विजय बनर्जी और दर्पण लखनऊ के लम्बे समय से अध्यक्ष रहते आए पूर्व अध्यक्ष विद्यासागर गुप्ता को दर्पण के वरिष्ठ सदस्य करुणा सागर और प्रभात मिश्र ने पुष्पगुच्छ व स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया। विद्यासागर गुप्ता का सम्मान ऊनकी जगह पुत्र अमित गुप्ता ने ग्रहण किया।







_page-0001.jpg)
























Comments