*एफ़टीआईआई पुणे द्वारा लखनऊ में आयोजित बेसिक कोर्स इन फ़िल्म एप्रिसिएशन का समापन*
राष्ट्रीय Dec 30, 2025 at 06:50 PM , 121*भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने भी किया प्रतिभाग*
लखनऊ। फ़िल्म एंड टेलीविजन इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंडिया (एफ़टीआईआई), पुणे द्वारा आयोजित बेसिक कोर्स इन फ़िल्म एप्रिसिएशन का आज लखनऊ में सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 26 दिसंबर से 30 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न पृष्ठभूमियों से आए प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास निदेशालय के सहयोग से भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों की सहभागिता सुनिश्चित की गई, जिससे उन्हें सिनेमा से संबंधित शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिला।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को सिनेमा की भाषा, इतिहास तथा सौंदर्यशास्त्र से परिचित कराना तथा फ़िल्म को एक सशक्त रचनात्मक माध्यम के रूप में समझने का अवसर प्रदान करना था। प्रशिक्षण के दौरान फ़िल्म इतिहास, फ़िल्म भाषा, पटकथा, निर्देशन तथा सिनेमा विश्लेषण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में फ़िल्म स्टडीज़ विभाग के प्रमुख प्रो. इंद्रनील भट्टाचार्य व निर्देशन एवं शॉर्ट कोर्सेज़ विभाग के विशेषज्ञ प्रो. मिलिंद दामले ने शिक्षण एवं मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान निदेशक, उत्तर प्रदेश सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास, ब्रिगेडियर अतुल कुमार ने कहा कि इस प्रकार के पाठ्यक्रम भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को रचनात्मक अभिव्यक्ति के नए अवसर प्रदान करते हैं तथा उन्हें मुख्यधारा की सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने में सहायक होते हैं। उन्होंने इस पहल को कौशल संवर्धन की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास बताया।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र (26 दिसंबर 2025) में एफ़टीआईआई, पुणे के कुलपति श्री धीरज सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि फ़िल्म एप्रिसिएशन का यह बेसिक कोर्स सिनेमा को केवल मनोरंजन के रूप में नहीं, बल्कि एक गंभीर कला माध्यम के रूप में समझने में सहायक है। उन्होंने लखनऊ जैसे सांस्कृतिक रूप से समृद्ध शहर में इस प्रकार के पाठ्यक्रम के आयोजन की सराहना की।
इस कार्यक्रम के आयोजन में एथनेक्सा एंटरप्राइज़ेज़ की प्रोप्राइटर, श्रीमती रीना कुमार की भूमिका भी उल्लेखनीय रही। उन्होंने आयोजन सहयोगी (Organising Partner) के रूप में समन्वय स्थापित किया तथा एफ़टीआईआई को लखनऊ में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
एफ़टीआईआई के अनुभवी संकाय सदस्यों द्वारा संचालित इस कोर्स में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा आयोजकों द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के फ़िल्म शिक्षा एवं सिनेमा-साक्षरता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
































Comments