शीतलहर और घने कोहरे का असर: लखनऊ में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल सुबह 9 बजे के बाद ही खुलेंगे

जनपत की खबर , 312

लखनऊ


लखनऊ में शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी लखनऊ द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी बोर्डों से संचालित विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई अब सुबह 9:00 बजे के बाद ही शुरू की जाएगी।

यह आदेश मौसम विभाग के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है, ताकि ठंड और कोहरे के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय परिवर्तन की सूचना छात्रों और अभिभावकों तक तुरंत पहुंचाएं।

जिलाधिकारी कार्यालय ने यह भी बताया कि इस आदेश की प्रामाणिकता जनपद लखनऊ की आधिकारिक वेबसाइट lucknow.nic.in पर देखी जा सकती है। जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को आदेश के अनुपालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन की इस पहल से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। मौसम की स्थिति के अनुसार आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top