पीएसी स्थापना दिवस 2025: सीएम योगी बोले—कानून का राज ही यूपी के बढ़ते आत्मविश्वास की ताकत

जनपत की खबर , 133

लखनऊ।
लखनऊ में आयोजित पी.ए.सी. स्थापना दिवस समारोह–2025 को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएसी के 78 गौरवशाली वर्षों पर जवानों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संसद पर हुए आतंकी हमले और 2005 में अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि परिसर में हुए आतंकी हमलों के दौरान पीएसी, सीआरपीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस ने अद्भुत साहस दिखाते हुए सभी आतंकवादियों को मार गिराया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएसी बल प्रदेश में कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, पर्व-त्योहारों, वीआईपी सुरक्षा और चुनावी कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सरकार ने पीएसी की 46 कंपनियों को पुनर्जीवित किया है और बल को अत्याधुनिक हथियारों व दंगा नियंत्रण उपकरणों से लैस किया गया है।

उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा पीएसी में 41,893 आरक्षियों और प्लाटून कमांडरों की भर्ती की गई है, जबकि 15 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। तीन महिला बटालियनों की स्थापना की गई है और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को भी सशक्त किया गया है।

सीएम योगी ने कहा कि पहली बार 480 कुशल खिलाड़ियों की भर्ती की गई है तथा 768 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। 2024 में पुलिस स्मृति दिवस पर खेल बजट को 70 लाख से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया गया।

उन्होंने बताया कि बीते आठ वर्षों में प्रदेश में 2.19 लाख पुलिस कर्मियों की भर्ती हुई है, जिनमें 44 हजार से अधिक महिला कर्मी शामिल हैं। पुलिस अवसंरचना को आधुनिक बनाया गया है, हाईराइज भवन, साइबर थाने, अत्याधुनिक एफएसएल लैब और 17 नगर निगमों में सेफ सिटी परियोजना इसका उदाहरण हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तर प्रदेश में जो आत्मविश्वास जगा है, उसके पीछे कानून का राज ही सबसे बड़ा कारण है।” कार्यक्रम में पीएसी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर, उत्कृष्ट प्रदर्शन और वंदेमातरम गायन प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री ने बैंड टीम और जवानों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार उनके सम्मान और संसाधनों के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Comments

Back to Top