तीन दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव का शुभारम्भ महाराष्ट्र के रामटेक में हर आदमी की होती है इक राम कहानी-स्वयं श्रीवास्तव
जनपत की खबर Mar 07, 2025 at 07:30 PM , 192लखनऊ: 07 मार्च, 2025
तीन दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव का शुभारम्भ महाराष्ट्र के रामटेक में नेहरू मैदान में हुआ। उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, अन्तर्राष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान द्वारा आयोजित कॉन्क्लेव में भक्ति, नृत्य, संगीत एवं कवियों का संगम देखने को मिल रहा है।
नेहरू ग्राउंड में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के नरेन्द्र मिश्र ‘धड़कन’ और निशा आनंद, कामठी के मनीष बाजपेयी, नागपुर की रामवृक्ष मिश्रा, और मध्य प्रदेश के राजेन्द्र शुक्ल ‘सहज’, लखनऊ के स्वयं श्रीवास्तव और महाराष्ट्र के प्रमोद शाहू पारखी सरीखे सुविख्यात कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया।
निशा आनंद जी ने सरस्वती वंदना के साथ कवि सम्मेलन का शुभारम्भ किया। राजेन्द्र शुक्ल सहज ने मानवता की मूर्ति मनोहर मन में रमे मनस्वी राम। त्याग तपस्या तर्पण करने वन चले तपस्वी राम पंक्तियों के साथ माहौल को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया। तो वहीं लखनऊ के स्वयं श्रीवास्तव ने वर्तमान से राम युग को जोड़ते हुए कहा ‘कल भोर की चिंता में रात नींद न आनी, रावण नहीं है मारना रोटी है कमानी, हम राम तो नहीं मगर ये बात भी सच है ,हर आदमी की होती है इक राम कहानी। स्वयं की इन उत्साहवर्धक रचनाओं ने श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।
इसी श्रृंखला में 08 मार्च और 09 मार्च को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा और महिला दिवस के उपलक्ष्य में छत्रपति शिवाजी महाराज स्मारक से नेहरू ग्राउंड तक नारी सम्मान शोभायात्रा निकाली जाएगी। मुम्बई की स्वाति मिश्रा और भोपाल के राजीव सिंह भजन संध्या में राम नाम की ऊर्जा का संचार करेंगे। पार्श्व गायिका प्रिया पाटीदार भी सुरों की छठा बिखेरेंगी। 09 मार्च को पद्मश्री अनूप जलोटा जी भजन गायन करेंगे।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह जी ने भगवान राम के जीवन से दया, धर्म, प्रेम और समर्पण की भावना का संचार युवा पीढ़ी में हो इसी उद्देश्य के साथ ये आयोजन किए जा रहे हैं।































Comments