*दुधवा बफरजोन में युवक पर बाघ का हमला, जान पर खेलकर बचाई खुद की जान*
लखीमपुर खीरी May 13, 2026 at 06:47 PM , 1*लखीमपुर खीरी।* दुधवा टाइगर रिजर्व की बफरजोन भीरा और मैलानी रेंज की सीमा पर बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गांव कुकरा निवासी सूरज पर उल्ल नदी किनारे बाघ ने अचानक हमला कर दिया। जान पर बन आई तो सूरज ने हिम्मत दिखाते हुए बाघ से मुकाबला किया और किसी तरह अपनी जान बचाई।
सूरज सुबह रोज की तरह नदी किनारे गया था, तभी झाड़ियों में छिपे बाघ ने उस पर हमला कर दिया। बाघ के पंजे और दांत से सूरज के जबड़े, हाथ, पीठ और पैरों पर गहरे जख्म हो गए। खून से लथपथ होने के बाद भी सूरज ने हिम्मत नहीं हारी और जोर से शोर मचाया। आसपास के लोग दौड़े तो बाघ जंगल की तरफ भाग गया।
गंभीर हालत में सूरज को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सूरज के शरीर पर कई जगह गहरे घाव हैं, लेकिन अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद से कुकरा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बफरजोन से सटे इलाकों में बाघ का आना लगातार बढ़ रहा है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों से जंगल किनारे न जाने की अपील की है।
घायल सूरज के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से बाघ को पकड़ने और पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की है।































Comments