*धौरहरा में गैस सिलेंडर की किल्लत बरकरार, ग्राहक ने ब्लैक में बेचने का लगाया आरोप*
लखीमपुर खीरी May 13, 2026 at 07:25 PM , 1(मनोज मिश्र)
*धौरहरा, खीरी।* इराक-इजराइल विवाद के चलते दुनियाभर में पेट्रोलियम पदार्थों की कमी के बीच डीजल-पेट्रोल की समस्या से तो लोगों को राहत मिल गई, लेकिन क्षेत्र की गैस एजेंसियों पर हालात जस के तस हैं। एजेंसियों पर सुबह से शाम तक सैकड़ों लोगों की भीड़ रहती है, फिर भी सिलेंडर लेने में ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
नगर पंचायत कस्बे के मोहल्ला शुक्ला वार्ड निवासी अरुण कुमार शुक्ला ने बुधवार को पूर्ति निरीक्षक धौरहरा को शिकायती पत्र सौंपा। शिकायत में बताया कि श्री गणेश गैस सर्विस धौरहरा (भारत गैस) में उनके भाई सुनील कुमार के नाम कनेक्शन नंबर 59036422 से 24.03.2026 को सिलेंडर लेने के 45 दिन बाद भी नया सिलेंडर नहीं मिला। संचालक पुत्र विशाल पुत्र अवधेश ने सात दिन बाद सिलेंडर देने की बात कही।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि एजेंसी संचालक द्वारा ऑनलाइन बुकिंग के खेल के माध्यम से उनका सिलेंडर ब्लैक में बेच दिया गया। इस मामले में पूर्ति निरीक्षक ने शिकायती पत्र वापस करते हुए एजेंसी संचालक से फोन पर बात की और शिकायतकर्ता को दोबारा गैस एजेंसी जाने को कहा।
लगातार सिलेंडर न मिलने से क्षेत्रीय उपभोक्ताओं में नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से एजेंसियों पर नियमित निगरानी और ब्लैक मार्केटिंग पर रोक लगाने की मांग की है।































Comments