ग्राम प्रधानों के कार्यकाल विस्तार की मांग,अखिल भारतीय प्रधान संगठन ने कलेक्ट्रेट में सीएम को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा
लखीमपुर खीरी May 11, 2026 at 06:47 PM , 3लखीमपुर में अखिल भारतीय प्रधान संगठन जिला इकाई ने ग्राम प्रधानों के कार्यकाल विस्तार की मांग को लेकर आज 11 मई 2026 दिन सोमवार समय करीब 10: 45 मिनट पर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। संगठन के जिला अध्यक्ष सुमित तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे प्रधानों ने मांग उठाई कि वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान ग्राम प्रधान लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुने गए जनप्रतिनिधि हैं, जो अपने-अपने गांव की समस्याओं, जरूरतों और विकास कार्यों से भली-भांति परिचित हैं। संगठन ने बताया कि ग्राम प्रधानों का वर्तमान कार्यकाल 26 मई को समाप्त हो रहा है, जबकि पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर न होकर लगभग एक वर्ष आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
प्रधान संगठन ने प्रशासन से आग्रह किया कि ऐसी स्थिति में ग्राम पंचायतों में प्रशासक नियुक्त करने के बजाय वर्तमान प्रधानों को ही कार्य करने का अवसर दिया जाए। उनका कहना है कि पूर्व में प्रशासकीय व्यवस्था अपेक्षाकृत कम प्रभावी रही है, जबकि निर्वाचित प्रधान गांव के विकास और जनता के प्रति अधिक जवाबदेह रहते हैं।
संगठन के जिला अध्यक्ष सुमित तिवारी ने बताया कि ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने और जनहित को ध्यान में रखते हुए कार्यकाल विस्तार बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासक नियुक्त किए जाते हैं तो विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं और ग्रामीणों को समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
प्रधान संगठन ने प्रदेश सरकार से इस विषय में सकारात्मक निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाना गांवों के हित में होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिले के कई ग्राम प्रधान मौजूद रहे।































Comments