*ब्रिटेन से मिला घरेलू सीवेज ट्रीटमेंट डिवाइस को पेटेंट, कृषक समाज इंटर कॉलेज के डॉ. अनिल कुमार ने बढ़ाया जिले का मान*
लखीमपुर खीरी May 09, 2026 at 04:20 PM , 23*गोला गोकर्णनाथ, खीरी।* कृषक समाज इंटर कॉलेज के जीव विज्ञान प्रवक्ता एवं सह नोडल इंस्पायर अवार्ड मानक डॉ. अनिल कुमार और उनकी टीम को उनके अभिनव शोध के लिए ब्रिटेन सरकार के बौद्धिक संपदा कार्यालय से डिज़ाइन पंजीकरण मिला है।
टीम द्वारा विकसित _पोर्टेबल हाइड्रोबायोलॉजिकल डोमेस्टिक सीवेज ट्रीटमेंट डिवाइस_ को यूके डिज़ाइन के अंतर्गत पंजीकृत किया गया है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे जिले का मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है।
यह शोध डॉ. रमेश चन्द्र, डॉ. मनोज गुप्ता, डॉ. अनिल कुमार और डॉ. धर्मेन्द्र की संयुक्त टीम ने किया है। डिवाइस घरेलू सीवेज जल के पर्यावरण अनुकूल उपचार और पुनः उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि यह डिवाइस एक्वाटिक ऑर्गेनिज्म, जलीय पौधों, सूक्ष्मजीवों और प्राकृतिक जैविक फिल्ट्रेशन प्रणाली पर काम करता है। इसमें फिल्ट्रेशन चैंबर, सेडिमेंटेशन चैंबर, हाइड्रोबायोलॉजिकल ट्रीटमेंट चैंबर और बायोलॉजिकल फिल्टर चैंबर लगे हैं। गंदा पानी पहले फिल्टर होता है, फिर भारी कण बैठ जाते हैं, और जलीय पौधे व सूक्ष्मजीव गंदगी को साफ कर पानी को सिंचाई और बागवानी योग्य बना देते हैं।
डिवाइस कम बिजली खपत वाला, पर्यावरण अनुकूल और पोर्टेबल है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे कस्बों के लिए खास उपयोगी साबित होगा, जहां बड़े सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाना संभव नहीं होता।
उपलब्धि पर कॉलेज प्रबंधक रवि प्रकाश वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, प्रधानाचार्य अनंत प्रकाश सरोज, जिला समन्वयक रमसा विजय कुमार, अभय अग्निहोत्री सहित शिक्षकों और कर्मचारियों ने टीम को बधाई दी है।































Comments