प्राथमिक विद्यालय में जलभराव से खतरे की घंटी, जिम्मेदार बेपरवाह, बच्चों की सेहत से खिलवाड़,

लखीमपुर खीरी , 19

गोला गोकर्णनाथ खीरी,
ब्लॉक कुम्भी की ग्राम पंचायत बेलवा मजरा मूड़ा विश्नू स्थित प्राथमिक विद्यालय मूड़ा विश्नू में अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। विद्यालय परिसर में लगे हैंडपंप की घरथरी (चौतरिया) पर गंदे पानी का स्थायी जलभराव बना हुआ है, जिससे न सिर्फ वातावरण दूषित हो रहा है बल्कि स्कूली बच्चों की सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

स्थानीय लोगों और अभिभावकों का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी कई बार ग्राम प्रधान श्याम देव को दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। हालात यह हैं कि बच्चे इसी गंदे पानी के बीच से गुजरने को मजबूर हैं, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। मच्छरों की बढ़ती संख्या डेंगू, मलेरिया और अन्य जलजनित बीमारियों को न्योता दे रही है।

विद्यालय में लगे नल की स्थिति भी दयनीय बताई जा रही है। स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था न होने से छोटे-छोटे बच्चे असुरक्षित पानी पीने को विवश हैं, जो उनके स्वास्थ्य के लिए अत्यंत खतरनाक है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो किसी भी दिन कोई अप्रिय घटना घट सकती है।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या से अवगत होने के बावजूद चुप्पी साधे हुए हैं। शिक्षा के मंदिर में इस तरह की लापरवाही न केवल प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करती है, बल्कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ भी है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर जलभराव की समस्या दूर करने, हैंडपंप और नल की मरम्मत कराने तथा विद्यालय परिसर में स्वच्छता सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण मिल सके।

Related Articles

Comments

Back to Top