*शादी से लौट रहे छात्र की कार खंभे से टकराई, मौत; दो साथी फरार*

लखीमपुर खीरी , 38

*लखीमपुर खीरी।* भीरा थाना क्षेत्र के दरियाबाद निवासी 18 वर्षीय छात्र अभिषेक वाजपेई की शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा गोपालापुर थाना क्षेत्र फूलबेहड़ में लखीमपुर-भीरा राज्यमार्ग पर मैरिज हॉल के पास हुआ।  

जानकारी के अनुसार अभिषेक शुक्रवार को अपने दो मित्रों अंकित और सत्यपाल के साथ ढखेरवा क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब ढाई बजे वापसी के दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया।  

हादसे के बाद कार में सवार अंकित और सत्यपाल मौके से फरार हो गए। इलाज न मिलने से अभिषेक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर फूलबेहड़ पुलिस पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा।  

मृतक अभिषेक मनमीत नगर महाविद्यालय में बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र था। करीब सात माह पहले ही उसके पिता रामसरन वाजपेई की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पिता के गम से परिवार उबर भी नहीं पाया था कि अभिषेक की मौत से घर में मातम पसर गया। मां कमलेश कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है।  

फूलबेहड़ थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा खंभे से टकराने के कारण हुआ है। परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार साथियों की तलाश कर रही है और यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था।

Related Articles

Comments

Back to Top