अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर लखनऊ में श्रमिक संवाद कार्यक्रम, श्रमिकों को अधिकारों और राष्ट्रीय लोक अदालत की दी गई जानकारी
लखीमपुर खीरी May 01, 2026 at 07:55 PM , 33लखनऊ, 1 मई 2026।
अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं विज्ञान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को आश्रय गृह, पलटन छावनी, ताड़ी खाना क्रॉसिंग, लखनऊ में श्रमिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के अनुपालन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के सचिव कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने की। इस अवसर पर शरद कुमार यादव, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, विज्ञान फाउंडेशन के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने उपस्थित सभी श्रमिकों को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेत-खलिहानों से लेकर बड़े उद्योगों तक, गलियों से लेकर राष्ट्रीय राजमार्गों तक निर्माण और उत्पादन के हर क्षेत्र में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति और विकास की मजबूत नींव श्रमिकों के परिश्रम पर ही टिकी हुई है।
उन्होंने श्रमिकों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि प्रत्येक श्रमिक को न्याय तक सुलभ पहुंच मिलना आवश्यक है। इसी क्रम में उन्होंने आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के वादों का आपसी सहमति के आधार पर त्वरित, सरल और सुलभ निस्तारण किया जाएगा, जिससे आमजन को शीघ्र न्याय प्राप्त हो सकेगा।
श्रमिक संवाद कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों ने भी अपनी समस्याएं और जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका मौके पर समाधान एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं तथा न्यायिक सहायता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना रहा।































Comments