*खंभारखेड़ा शुगर मिल में गन्ना सर्वे प्रशिक्षण संपन्न, 1 मई से जीपीएस से होगा पौधा गन्ने का सर्वे*
लखीमपुर खीरी Apr 30, 2026 at 06:35 PM , 60*खंभारखेड़ा, लखीमपुर खीरी।* बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड चीनी मिल खंभारखेड़ा के सभागार में गन्ना सर्वेक्षण 2026-27 को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक सुरेश चौधरी और यूनिट हेड अवधेश गुप्ता ने की।
*त्रुटिरहित सर्वे के निर्देश*
सुरेश चौधरी ने इस वर्ष की गन्ना सर्वे नीति के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने स्टाफ को निर्देश दिया कि सर्वे के दौरान कोई त्रुटि न हो। गन्ना खेतों को कृषकवार, ग्रामवार, प्लाटवार और प्रजातिवार सही-सही अंकित करें। साथ ही सर्वे से एक दिन पहले गांवों में सूचना दें ताकि किसान खेतों पर पहुंचकर सर्वेक्षण करा सकें।
*1 मई से 30 जून तक चलेगा सर्वे*
यूनिट हेड अवधेश गुप्ता ने बताया कि 1 मई से 30 जून 2026 तक जीपीएस से मैट्रिक प्रणाली पर आधारित केवल पौधा गन्ने का सर्वेक्षण किया जाएगा। पिछले वर्ष जो पौधे पेड़ी में बदल गए हैं, उन प्लाटों का केवल भौतिक सत्यापन होगा।
*30 सितंबर तक आवेदन*
उन्होंने बताया कि पेराई सत्र 2026-27 के लिए नए सदस्य बनने और उपज बढ़ोतरी हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है।
इस मौके पर सचिव सहकारी गन्ना विकास समिति लखीमपुर डॉ. राजीव गंगवार, महाप्रबंधक गन्ना पुष्पेन्द्र सिंह ढाका, गन्ना विकास परिषद पर्यवेक्षक, समिति स्टाफ एवं चीनी मिल स्टाफ मौजूद रहे।































Comments