*पहले दिन सख्त पहरे में हुई होमगार्ड परीक्षा 2026, परीक्षा केंद्रों पर कड़े इंतजाम*
लखीमपुर खीरी Apr 25, 2026 at 06:15 PM , 24*डीएम एसपी ने लिया परीक्षा केंद्रों का जायजा*
*प्रथम सत्र में 4893, द्वितीय सत्र में 5077 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा*
लखीमपुर खीरी 25 अप्रैल। उप्र होमगार्ड के पदों पर एनरोलमेंट 2026 के पहले दिन जनपद में 16 परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को अभ्यर्थियों ने कड़ी सुरक्षा निगरानी में दोनों पाली की परीक्षा दी। इस दौरान दोनों पालियों में बुलाए गए 13056 में से 9970 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए जबकि 3086 ने गैर हाजिर रहकर परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा को सकुशल बनाने के लिए डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ ख्याति गर्ग समेत सेक्टर मजिस्ट्रेट सतत भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते रहे। वही स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर मुस्तैद रहे।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने दोनों सत्रों की परीक्षा में भ्रमणशील रहकर जनपद खीरी में स्थित परीक्षा केंद्रों (स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज, गुरुनानक इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, आर्य कन्या इंटर कॉलेज और आर्य कन्या डिग्री कॉलेज) का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर परीक्षा को सकुशल एवं शुचितापूर्ण सम्पन्न कराने जरूरी निर्देश दिए। डीएम-एसपी ने परीक्षार्थियों हेतु भौतिक सुविधाओं/सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए सीसीटीवी कैमरों को चैक किया व संबंधित को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा में आयोग के शत प्रतिशत निर्देशों के अनुपालन के निर्देश दिए। वही सेक्टर मजिस्ट्रेट ने भी भ्रमणसील रहकर अपने सेक्टर के परीक्षा केंद्रों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए पूरी परीक्षा को सकुशल संपन्न कराया।
बताते चले कि जनपद के 16 परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक पाली के लिए पंजीकृत परीक्षार्थी 6528 के सापेक्ष पहली पाली में 4893 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तो 1635 अनुपस्थित रहे। इसी तरह से दूसरी पाली में 5077 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तो 1451 ने परीक्षा से किनारा कर लिया। 26 और 27 अप्रैल को भी 16 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा होगी।































Comments