*बजाज शुगर मिल पलिया में पृथ्वी दिवस पर वृक्षारोपण, 'आवर पावर आवर प्लानेट' थीम पर दिया पर्यावरण बचाने का संदेश*
लखीमपुर खीरी Apr 22, 2026 at 07:45 PM , 44*पलिया कलां, लखीमपुर खीरी।* बजाज हिंदुस्थान शुगर लिमिटेड चीनी मिल पलिया द्वारा विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर प्रांगण में वृक्षारोपण कर पृथ्वी को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया गया। इस वर्ष 2026 की थीम 'आवर पावर आवर प्लानेट' यानी 'हमारी शक्ति हमारा ग्रह' पर जोर दिया गया।
यूनिट हेड ओ. पी. चौहान ने कहा कि वृक्ष धरा का आभूषण हैं, इसलिए हम सभी को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए जिससे धरती हरी-भरी बनी रहे। उन्होंने कहा कि पृथ्वी को स्वच्छ बनाए रखने के लिए कचरा इधर-उधर न फेंकें, पॉलीथिन का उपयोग बंद करें और अवशिष्ट पदार्थों को जलाने से बचें। साथ ही देश को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सोलर पावर व रिन्यूएबल एनर्जी पर ध्यान देने की अपील की।
यूनिट हेड ने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि आवश्यकता से अधिक जल का दोहन न करें। जल का उपयोग उतना ही करें जितनी अत्यंत आवश्यकता हो। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र बाढ़ प्रभावित है। यहां अधिक से अधिक वृक्ष लगाने से बाढ़ के वेग को रोकने में काफी मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि थीम 'आवर पावर आवर प्लानेट' जीवाश्म ईंधन के प्रभुत्व और कमजोर सुरक्षा प्रणाली के खिलाफ एक आह्वान है। इसका मकसद नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना है।
इस मौके पर विकास मलिक, संजीव दुबे, यू. के. पांडेय, जितेन्द्र सिंह, सतीश श्रीवास्तव, तनवीर अहमद, वैभव सिंह, सुहेल अनवर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।































Comments