*भीरा में पेयजल संकट से नागरिकों में भारी गुस्सा, ईओ की चुप्पी ने बढ़ाया आक्रोश*

लखीमपुर खीरी , 36

*भीरा लखीमपुर खीरी।* नगर पंचायत भीरा में पिछले दो दिनों से शुद्ध पेयजल आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। भीषण गर्मी के बीच पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए जनता दर-दर भटकने को मजबूर है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी पूरी तरह मौन साधे बैठे हैं।  

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) की कार्यशैली पूरी तरह मनमानी और निरंकुश हो चुकी है। न तो समय पर पानी की आपूर्ति हो रही है और न ही किसी प्रकार की आधिकारिक सूचना जनता को दी जा रही है। हालात यह हैं कि लोग घंटों इंतजार के बाद भी बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हो रहे हैं।  

नागरिकों ने बताया कि समस्या को लेकर जब वे नगर पंचायत कार्यालय पहुंचते हैं तो उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिलता। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार "हिटलरशाही" रवैया अपनाते हुए जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है।  

महिलाओं ने कहा कि बच्चों और बुजुर्गों को लेकर पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है। टैंकर की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई है।  

जनता ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं की गई और अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं हुई, तो वे मजबूर होकर उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर पेयजल संकट दूर करने की मांग की है।

Related Articles

Comments

Back to Top