आशा वर्कर्स ने प्रदर्शन कर दिया ज्ञापन
लखीमपुर खीरी Apr 10, 2026 at 07:25 PM , 27लखीमपुर खीरी। आशा वर्कर्स ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अपने लंबित मानदेय और प्रोत्साहन राशि को समय पर जारी किए जाने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन के बैनर तले बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा।प्रदर्शन के दौरान आशा वर्कर्स ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी खुशहाल सिंह को सौंपा। प्रदर्शन दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुआ।आशा वर्कर्स का कहना है कि वे लंबे समय से विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों—जैसे आयुष्मान कार्ड, गोल्डन कार्ड, टीबी और कुष्ठ रोग से संबंधित कार्य—में अपनी सेवाएं दे रही हैं। कार्यकर्ताओं ने बताया कि पूर्व में किए गए कार्यों से संबंधित मानदेय और प्रोत्साहन राशि का भुगतान अभी तक लंबित है, जिसमें वर्ष 2018 से आयुष्मान और गोल्डन कार्ड संबंधी कार्यों का भुगतान, तथा 2019 से 2021 तक राज्य वित्त से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि शामिल है।
इसके अलावा, कोविड-19 महामारी के दौरान घोषित अतिरिक्त मानदेय और अन्य स्वास्थ्य अभियानों से जुड़ी प्रोत्साहन राशि के समयबद्ध भुगतान की भी मांग उठाई गई।
यूनियन की जिला अध्यक्ष रकिया बानो ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगों में सभी लंबित भुगतानों का निस्तारण, भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता और स्वास्थ्य केंद्रों पर भुगतान से संबंधित विवरण स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराना शामिल है। उन्होंने कहा कि यदि समय पर समाधान नहीं हुआ, तो आशा वर्कर्स आगे भी अपनी मांगों को प्रशासन तक पहुंचाती रहेंगी।































Comments