देश के ज्यादातर राज्य अभी स्कूल बंद रखेंगे
हेडलाइंस Oct 11, 2020 at 08:27 PM , 593नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने अनलॉक के पांचवें चरण में 15 अक्टूबर से स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से खोलने को मंजूरी दे दी है। इसके बावजूद देश के ज्यादातर राज्य अभी स्कूल बंद ही रखेंगे। दिल्ली, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ सहित अनेक राज्यों ने स्कूलों को नहीं खोलने का फैसला किया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने जरूर 19 अक्टूबर से हाई स्कूल खोलने की अनुमति दी है। हरियाणा और मेघालय जैसे कुछ राज्यों ने अभी इस बारे में कोई फैसला नहीं ले पाए हैं। ये राज्य कोरोना के बढ़ते मामलों का आकलन कर रहे हैं। गौरतलब है कि 16 मार्च को कोरोना संकट के चलते देश भर में यूनिवर्सिटी, कॉलेज और स्कूल बंद कर दिए गए थे। इसके करीब दस दिन के बाद 25 मार्च से देश भर में लॉकडाउन घोषित हुआ था। दो महीने से ज्यादा की बंदी के बाद केंद्र सरकार ने आठ जून से अनलॉक के जरिए विभिन्न चरणों में पाबंदियों में ढील देनी शुरू की। इसके बावजूद अनलॉक के चार चरण तक शिक्षण संस्थानों को बंद रखा गया था।
हाल ही में जारी अनलॉक के पांचवें चरण के दिशा-निर्देशों में कंटेनमेंट जोन के बाहर स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों को 15 अक्टूबर के बाद फिर खोले जाने को इजाजत दे दी गई है। हालांकि केंद्र सरकार की ओर से संस्थानों को दोबारा खोले जाने पर अंतिम फैसला राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों पर ही छोड़ दिया गया है। तभी दिल्ली सरकार ने स्कूलों को 31 अक्टूबर तक बंद रखने का फैसला किया है।
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार ने कंटेनमेंट जोन के बाहर के नौवीं से 12वीं तक की कक्षाओं के छात्रों के लिए स्कूलों को 19 अक्टूबर से खोले जाने की इजाजत दे दी है। यूपी सरकार की ओर से जारी दिशानिर्देश में कहा गया है कि दो शिफ्ट में क्लास होगी और छात्रों के बीच दूरी रखने जैसे नियमों का कड़ाई से पालन कराना होगा। छात्रों को स्कूलों में आने के लिए अपने अभिभावकों की लिखित अनुमति भी जमा करनी होगी।































Comments