नगर विकास मंत्री के निर्देश पर ’सम्भव’ व्यवस्था के तहत आज सभी नगर निगम स्तर पर की गई जनसुनवाई

अन्य खबरे , 452

लोगों की शिकायतों के निस्तारण पर रहा जोर, आज 17 नगर निकायों में 90 शिकायतों का हुआ निस्तारण

मंत्री श्री ए.के.शर्मा ने कहा जन शिकायतों के निस्तारण से होगा अधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन

नगर विकास मंत्री ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर अधिकारियों को दिया धन्यवाद
लखनऊ: 07 जून, 2022
प्रदेश के नगर विकास मंत्री श्री ए.के. शर्मा के निर्देश पर आज सभी नगर निगम स्तर पर जनसुनवाई की गयी और इसमें लोगों की शिकायतों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया। इस दौरान 17 नगर निगमों में 262 शिकायतें प्राप्त हुई,जिसमें से 90 शिकायतों को निस्तारण कर दिया गया है और 172 शिकायतें अभी लंबित हैं, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों से इस संबंध में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं। 
आज की जनसुनवाई में दुकानों के बाहर व नालियों पर अतिक्रमण, पार्क में अवैध कब्जा, सीवर लाइन चोक, लंबित भुगतान, मृतक आश्रित की नियुक्ति, हाईमास्क लाईट लगाने, गृह कर, नालियों की सफाई, भूमि विवाद, रिटायर कर्मचारियों का भुगतान, सड़कों/गलियों की मरम्मत, जलकल व उद्यान विभाग की शिकायत से संबंधित मामले सुने गये। जनसुनवाई की ’सम्भव’ (सिस्टमैटिक एडमिनिस्ट्रेटिव मैकॅनिज्म ब्रिंग हैप्पीनेस एण्ड वैल्यू) नामक यह व्यवस्था कुछ दिन पहले ही विभाग में मंत्री जी द्वारा लागू की गई थी। 
नगर विकास मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने ’सम्भव’ पोर्टल की व्यवस्था अनुसार जनसुनवाई कार्यक्रम की सफलता पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि आज प्रदेश की 17 नगर निगमों में नगर आयुक्त स्तर पर लोगों की शिकायतें सुनकर उनका निस्तारण किया गया। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम आगे भी इसी तरह आयोजित होते रहेंगे तथा समस्याओं के समाधान में सभी संबंधित अधिकारी अपना सार्थक योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता से ही अधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन होगा। उन्होंने बताया कि ऊर्जा विभाग की तरह नगर विकास विभाग में भी 'सम्भव' की व्यवस्था लागू की गई है, जिससे कि नागरिकों की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर ही निस्तारण हो सके और लोगों को एक पारदर्शी व जवाबदेही व्यवस्था मिल सके। 

Related Articles

Comments

Back to Top