जिला सूचना केन्द्र-बाराबंकी के प्रांगण में तेजसी सेवा न्यास व रंगलोक सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्थान, द्वारा पर्यावरण संरक्षण अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया।
हेडलाइंस Jun 06, 2022 at 05:35 PM , 581लखनऊ/बाराबंकी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला सूचना केन्द्र-बाराबंकी के प्रांगण में वृहद वृक्षारोपण करके तेजसी सेवा न्यास व रंगलोक सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्थान, लखनऊ द्वारा पर्यावरण संरक्षण अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि उपनिदेशक सूचना श्रीमती कुमकुम शर्मा ने प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश जी के चित्र पर माल्यार्पण करके कार्यक्रम की शुरुआत की। कुमकुम शर्मा जी ने कहा कि दोनों संस्थाओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत वृक्षारोपण अभियान की यह शुरुआत स्वागत योग्य है। 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का मूल उद्देश्य लोगों को पर्यावरण और प्रकृति के प्रति जागरुक करना है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के बिना हमारे जीवन की कल्पना ही नहीं की जा सकती है। ऐसे में पर्यावरण के प्रति हम सभी को सजग व समर्पित होने की जरुरत है। जैसे हम सांसारिक वस्तुओं को धारण करने में गर्व महसूस करते हैं, वैसे ही हमें वृक्षों के लिए गर्व होना चाहिए। वृक्ष हंै तो जीवन है। प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर रखना ही धरती पर प्रलयंकारी स्थिति से बचने का एक मात्र उपाय है न्यास की अध्यक्ष/ट्रस्टी श्रीमती श्रुति गुप्ता ने कहा कि लोक संस्कृति, लोक सेवा एवं लोकहित के उद्देश्यों के तहत कार्य कर रही इस संस्था द्वारा वर्तमान में प्राकृतिक चिकित्सा एवं आयुर्वेद के प्रति लोगों को जागरुक करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। आयुर्वेद और प्रकृति का एक दूसरे से गहरा संबंध है। इसी क्रम में आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण अभियान की शुरुआत की जा रही है।
वरिष्ठ जादूगर एवं न्यास के उपाध्यक्ष एम.आई.रिजवी ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जा रहा है। जिसकी शुरुआत का उद्देश्य हमारे वातावरण को स्वच्छ व शुद्ध रखना है। कार्यक्रम में मशहूर जादूगर विश्वनाथ चैरसिया ने अपने जादू कला के माध्यम से लोगों का मनोरंजन किया और पर्यावरण के प्रति जागरुक किया। इसी क्रम में आल्हा गायक रघुनाथ टेलर, जितेन्द्र कुमार यादव, विजय सिंह व मुन्ना अलबेला आदि ने लोक गीत के माध्यम से पर्यावरण के प्रति आम जनमानस को सजग किया। इसी क्रम में श्रीमती कुमकुम शर्मा व मो0सलीम ने विविध विधाओं से जुड़े कलाकारों तथा जिला सूचना कार्यालय के कर्मचारी अम्बिका प्रसाद, हितेन्द्र कुमार, जकिया सुल्ताना, ऊषा यादव, विजय, रामसमुझ, लकी यादव, को प्रमाण-पत्र देकर ‘पर्यावरण प्रेमी’ सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रंगलोक संस्था के अध्यक्ष अमरेन्द्र सहाय ने किया। श्री सहाय ने कहा कि दुनिया में लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है। इसी बढ़ते प्रदूषण के कारण प्रकृति पर खतरा बढ़ रहा है। जिसे रोकने के उद्देश्य से पर्यावरण संरक्षण अभियान की शुरुआत की गई है, ताकि लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जाए और प्रकृति को प्रदूषित होने से बचाने के लिए प्रेरित किया जा सके। रंगलोक संस्था के सचिव श्री जितेन कुमार उर्फ (जीत राजपूत) ने कहा की मात्र वृक्ष लगाने से ही पर्यावरण तो हम सुरक्षित नहीं कर सकते हैं इसके लिए हमें संकल्पित होना पड़ेगा और वृक्षों की देखभाल भी करनी पड़ेगी पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए हमें ठोस कदम उठाने पड़ेंगे हमें अपनी जीवनशैली में परिवर्तन लाना होगा पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली प्रत्येक वस्तु का बहिष्कार करना होगा , हजारों वर्षों से हमारा देश कृषि प्रधान देश रहा है, परंतु हमारी कुछ नासमझी के कारण आज विदेशी हमें बताते हैं कि खेती कैसे करनी है आधुनिक होना बुरी बात नहीं है परंतु अपने संस्कारों को भूलना बुरी नहीं बहुत बुरी बात है हमारी सनातन संस्कृति में पर्यावरण सर्वोपरि है जिस प्रकार हम कहते हैं कि हमारा शरीर पंच तत्वों से मिलकर बना है पृथ्वी, जल ,आकाश, अग्नि, वायु यह भी पर्यावरण का ही अंग है हम धरती माता से लेकर पशु पक्षी पेड़ पौधे जल वायु अग्नि सूर्य सभी की आराधना करते हैं , परंतु आज के आधुनिक दौर में हम अपने संस्कारों को भूल कर पर्यावरण से दूर होते जा रहे हैं तथा आधुनिक और भौतिक वस्तुओं का उपयोग ही सर्वोत्तम मानते हैं ,हमें अपने संस्कारों को वापस याद करना है तथा अपने राष्ट्र को उत्तम राष्ट्र बनाना है और यह तभी हो सकेगा जब हम हर कदम पर अपने पर्यावरण को बचाने का दृढ़ संकल्प लेंगे ।
कार्यक्रम में रंगलोग के सक्रिय सदस्य अंकेश कश्यप , अभिषेक शुक्ला सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
डॉ. नेचर वेलनेस के हेल्थ कोच जितेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि न्यास के द्वारा संचालित ‘आयुर्वेद का जादू’ के तहत प्राकृतिक चिकित्सा एवं आयुर्वेद से उपचार का कार्य अनोखा है। डॉ. नेचर वेलनेस द्वारा उत्तम स्वास्थ्य के लिए अनेकों तरह की दवाइयां एवं वेलनेस उत्पादों के निर्माण व विपणन का कार्य हो रहा है, और इस कार्य में तेजसी सेवा न्यास की भूमिका काफी सराहनीय है। डॉ. नेचर वेलनेस के स्वास्थ्य सलाहकार सूरज कुमार जायसवाल द्वारा आयुर्वेदिक दवाओं एवं वेलनेस उत्पादों का वृहद स्टॉल लगाया गया, जिसमें लोगों को निःशुल्क परामर्श एवं सलाह दी गयी। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक शुक्ल ने बहुत ही खूबसूरती एवं निपुणता के साथ किया।





























Comments