उत्तर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या तीन लाख पार
हेडलाइंस Sep 13, 2020 at 10:48 AM , 572नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या तीन लाख का आंकड़ा पार कर गई। शनिवार को राज्य में 6,786 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या तीन लाख पांच हजार 831 हो गई। राज्य में एक्टिव केसेज की संख्या 67,955 पहुंच गई है। उत्तर प्रदेश में शनिवार को 67 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 4,349 पहुंच गई। राज्य में इलाज से ठीक हुए मरीजों की संख्या दो लाख 33 हजार 527 है।
भारत में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में शनिवार को भी संक्रमितों की संख्या 20 हजार से ऊपर रही। राज्य में 22,084 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 10 लाख 37 हजार 765 हो गई। राज्य में 391 लोगों के मरने की खबर मिली, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा 29,115 हो गया।
जहां तक पूरे देश में संक्रमितों की संख्या का सवाल है तो शनिवार को देर शाम तक देश भर में 85,500 से ज्यादा नए संक्रमित मिले थे, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 47 लाख 42 हजार से ऊपर पहुंच गई। देर रात तक असम, झारखंड, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों के आंकड़े अपडेट नहीं हुए थे। इनके आंकड़े अपडेट होने के बाद कुल संक्रमितों का आंकड़ा और ऊपर जा सकता है। पूरे देश में एक हजार से ज्यादा लोगों के मरने की खबर मिली, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा साढ़े 78 हजार से ऊपर पहुंच गया।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को लगातार चौथे दिन चार हजार से ज्यादा संक्रमित मिले। राज्य में 4,321 नए मामले आए, जिसके बाद दिल्ली में संक्रमितों की कुल संख्या दो लाख 14 हजार 69 हो गई। दिल्ली में एक्टिव केसेज की संख्या बढ़ कर 28,059 हो गई है। दिल्ली में शनिवार को 28 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 4,715 पहुंच गई है। तेलंगाना में 2,278 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या एक लाख 54 हजार 880 हो गई।
कर्नाटक में शनिवार को 9,140 नए केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या चार लाख 49 हजार 551 हो गई। आंध्र प्रदेश में शनिवार को 9,901 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या पांच लाख 57 हजार 587 पहुंच गई। देश के तीसरे सबसे संक्रमित राज्य तमिलनाडु में शनिवार को 5,595 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या चार लाख 97 हजार 66 हो गई। बिहार में शनिवार को 1,421 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर एक लाख 56 हजार 866 हो गई।
ओड़िशा में शनिवार को 3,777 नए मामले आए और पश्चिम बंगाल में 3,161 नए संक्रमित मिले। हरियाणा में 2,783 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 91 हजार 115 हो गई। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक शनिवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या 46 लाख 59 हजार 984 थी, जिसमें से 77,472 लोगों की मौत हो चुकी है।
भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या 10 लाख से ज्यादा हो गई है। राज्य में संक्रमण का बड़ा खतरा लोगों की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों पर है। महाराष्ट्र पुलिस ने शनिवार को एक रिपोर्ट जारी करके बताया कि राज्य में अब तक 18 हजार 890 पुलिसकर्मी संक्रमित हुए हैं, जिनमें से 186 पुलिसकर्मियों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। साढ़े तीन हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों का अब भी इलाज चल रहा है।
दूसरी ओर, कोरोना मरीजों के इलाज में जुटे मुंबई के रेजिडेंट डॉक्टरों ने छुट्टी के नियमों में किए गए बदलाव पर विरोध किया है। डॉक्टरों ने शनिवार को काली पट्टी बांध कर काम करना शुरू किया। गौरतलब है कि महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना के इलाज में लगे डॉक्टरों को अब हफ्ते में एक दिन छुट्टी देने का ऐलान किया है, जबकि पहले कुछ दिन लगातार काम करने के बाद डॉक्टरों को सात दिन क्वरैंटाइन में रहने की छूट दी जाती थी।
इस बीच कोरोना वायरस की वैक्सीन को लेकर अच्छी खबर है। भारत वैक्सीन तैयार कर रही कंपनी बीबीआईएल ने ट्विट किया कि कोवैक्सीन के पशु परीक्षण कामयाब रहे हैं। देश में इंडियन कौसिल फॉर मेडिकल रिसर्च, आईसीएमआर और भारत बायोटेक मिल कर स्वदेशी वैक्सीन बना रहे हैं। कंपनी ने बताया कि ट्रायल में पता चला कि वैक्सीन से जानवरों में इम्यून सिस्टम बेहतर हुआ है।































Comments