आज प्रथम दिवस की बोर्ड परीक्षायें शान्तिपूर्वक सभी जनपदों में सम्पन्न हुई।
जनपत की खबर Mar 24, 2022 at 10:03 PM , 340लखनऊ।
*दिनांक 24 मार्च, 2022*
□ आज प्रथम दिवस की बोर्ड परीक्षायें शान्तिपूर्वक सभी जनपदों में सम्पन्न हुई।
□ किसी भी परीक्षा केन्द्र से कोई अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
□ प्रथम पाली में 2,61,120 तथा द्वितीय पाली में 1,57,387 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
□कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण 51,92,689 परीक्षार्थियों में से कुल 4,18,507 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी।
□ अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक शिक्षा श्रीमती आराधना शुक्ला द्वारा जनपद-लखनऊ के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया।
□ प्रदेश के 75 जनपदों में शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारियों के द्वारा भी निरीक्षण किया गया।
□ शासन तथा विभाग के उच्च अधिकारियों द्वारा जनपद-लखनऊ के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया।
□ सभी कक्ष निरीक्षक अपने आवंटित परीक्षा केन्द्र में तत्काल उपस्थिति दें, अन्यथा उनके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
□ परीक्षा अवधि में परीक्षार्थियों के जूते-मोजे न उतरवाये जायें।
□ परीक्षा अवधि में केन्द्र व्यवस्थापक तथा स्टैटिक मैजिस्ट्रेट के अतिरिक्त सभी का मोबाइल प्रतिबन्धित।
*दिनांक 24 मार्च, 2022*
आज प्रथम दिवस की बोर्ड परीक्षायें शान्तिपूर्वक सभी जनपदों में सम्पन्न हुई। किसी भी परीक्षा केन्द्र से कोई अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। प्रथम पाली में 2,61,120 तथा द्वितीय पाली में 1,57,387 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण 51,92,689 परीक्षार्थियों में से कुल 4,18,507 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी।
अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक शिक्षा श्रीमती आराधना शुक्ला द्वारा आज स्वयं जनपद-लखनऊ में बोर्ड परीक्षा की व्यवस्था देखने के लिए परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। सबसे पहले राजकीय जुबली इण्टर कालेज, लखनऊ परीक्षा प्रारम्भ होने से पूर्व पहुँची। वहाँ उन्होंने परीक्षा देने जा रहे छात्र-छात्राओं को पुष्प, टॉफी तथा बोर्ड परीक्षा का लोगो ’’लक्ष्य-सफलता’’ का बैज पहनाया तथा उनको शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी बच्चे भयमुक्त होकर स्वस्थ वातावरण में प्रसन्नचित होकर परीक्षा के उत्सव में प्रतिभाग करें।
श्रीमती शुक्ला द्वारा प्रथम पाली में राजकीय जुबली इण्टर कालेज, अमीनाबाद इण्टर कालेज तथा सुन्नी इण्टर कालेज एवं द्वितीय पाली में राज्य स्तरीय कन्ट्रोल रूम तथा कुँवर आसिफ अली इण्टर कालेज, मलिहाबाद का निरीक्षण किया गया। उन्होंने केन्द्र व्यवस्थापकों को कड़े निर्देश दिये कि परीक्षा अवधि में परीक्षार्थियों के जूते-मोजे कदापि न उतरवाये जायें, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था रहे, टॉयलेट में नियमित साफ-सफाई रहे, जिससे सभी बच्चे प्रसन्नचित होकर परीक्षा के उत्सव में प्रतिभाग कर सकें। उन्होंने केन्द्र व्यवस्थापकों से यह भी कहा कि परीक्षा अवधि में केन्द्र व्यवस्थापक तथा स्टैटिक मैजिस्ट्रेट के अतिरिक्त किसी को भी मोबाइल तथा इलेक्ट्रानिक डिवाइस ले जाना प्रतिबन्धित रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सभी कक्ष निरीक्षक अपने आवंटित परीक्षा केन्द्र में तत्काल उपस्थिति दें, अन्यथा उनके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
आज परीक्षा के प्रथम दिन शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी प्रत्येक जनपद में उपस्थित थे तथा लगातार भ्रमणशील रहते हुए परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। जनपद-लखनऊ में विशेष सचिव, श्री शम्भु कुमार, शिक्षा निदेशक श्री विनय कुमार पाण्डेय, संयुक्त सचिव श्री विमल कुमार, उप सचिव श्री राकेश श्रीवास्तव, उप सचिव श्री अतुल कुमार मिश्र सहित तमाम अधिकारी दोनों पालियों में भ्रमणशील रहकर परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया।































Comments