UP में मानसून सत्र, शोक संवेदना के बाद स्थगित
जनपत की खबर Aug 20, 2020 at 05:22 PM , 320लखनऊ ! वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार में भी उत्तर प्रदेश में नया रिकॉर्ड बनने जा रहा है। देश में एक दिन में सर्वाधिक कोविड टेस्ट कराने के साथ ही सर्वाधिक कोविड बेड का रिकार्ड बनाने वाला उत्तर प्रदेश सीएम योगी आदित्यनाथ की अगुआई में प्रदेश विधानमंडल का सत्र भी आयोजित करने जा रहा है। मानसून सत्र सिर्फ चार दिन का ही होगा और इसमें 16 विधेयक को भी पास कराया जाएगा। कोविड प्रोटोकॉल के तहत अधिक उम्र के विधायक इसमें वर्चुअल भागीदारी करेंगे।विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन गुरुवार को विधान परिषद में सदन के दिवंगत तीन पूर्व सदस्यों और कोरोना संक्रमण से जान गंवाने वाले सरकार के दो मंत्रियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभापति रमेश यादव ने सदन के तीन पूर्व सदस्यों- सुनीता चौहान, रामकृष्ण द्विवेदी व लाल जी टंडन तथा राज्य मंत्रिमंडल की सदस्य रहीं कमल रानी वरुण और चेतन चौहान के निधन की सूचना दी।नेता सदन डॉ दिनेश शर्मा, समाजवादी पार्टी के रामसुंदर दास निषाद, बसपा के दिनेश चंद्रा, कांग्रेस के दीपक सिंह, निर्दलीय समूह के राज बहादुर सिंह चंदेल, शिक्षक दल के सुरेश त्रिपाठी और भाजपा के लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने दिवंगत पूर्व सदस्यों और मंत्रियों के प्रति अपने दलों की ओर से श्रद्धा सुमन अर्पित किए। चीन के साथ हुए सैन्य संघर्ष में लद्दाख की गलवान घाटी में शहादत देने वाले वीर सैनिकों को भी सदन ने श्रद्धांजलि दी। सदस्यों ने खड़े होकर दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत जनों को श्रद्धांजलि दी। शोक व्यक्त करने के बाद सभापति ने सदन की कार्यवाही शुक्रवार सुबह 11बजे तक के लिए स्थगित कर दी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना के साथ विधान भवन में पहुंचे। सदन में आज निधन के प्रस्ताव और शोक व्यक्त किया गया। विधानसभा के मानसून सत्र में 65 वर्ष से अधिक उम्र के विधायक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग कर रहे हैं। सदन की कार्यवाही में नोएडा से भाजपा के विधायक पंकज सिंह, बहराइच की विधायक अनुपमा जैसवाल तथा जन्मेजय सिंह ऑनलाइन शामिल हुए । इनके साथ ही मंत्री ब्रजेश पाठक वर्चुअल शामिल हुए। मंत्री मन्नू लाल कोरी कार में बैठे-बैठे विधान सभा की कार्यवाई में शामिल हुए।समाजवादी पार्टी के विधायक तथा विधान परिषद सदस्यों ने विधान भवन प्रांगण में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान इन सभी ने प्ले कार्ड लहराकर जमकर नारेबाजी भी की।सपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। सपा नेता यूपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। उन्होंने तख्ती और पोस्टर पर सरकार विरोधी नारे लिख रखे थे। विधान भवन में आज की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही समाजवादी पार्टी के विधायक ने बाहर ही हंगामा कर रहे थे। हाथ में प्ले कार्ड के साथ यह सभी सरकार विरोधी नारेबाजी कर रहे थे। प्रदेश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे है। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने इस दौरान विधानभवन में प्रवेश कर रहे प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री का घेराव किया और नारेबाजी की। इन सभी ने कहा कि सरकार कोरोना पर नियंत्रण के मोर्चा पर पूरी तरह असफल रही है।लखनऊ में विधान भवन में आज से शुरु विधानमंडल का मानसून सत्र छोटा होगा। कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के सभी इंतजाम के बीच चार दिन में 16 विधेयकों को मंजूर कराने की तैयारी है। पहली बार सदन में वर्चुअल कार्यवाही होगी। 65 वर्ष से अधिक उम्र के विधायकों को सत्र में वर्चुअल तरीके से जोड़ा गया। सिर्फ 65 साल से कम उम्र के विधायकों को ही सदन में मास्क और ग्लब्स के साथ प्रवेश दिया गया।विधानमंडल का मानसून सत्र कई मायनों में अनूठा होगा। कोरोना महामारी के दौरान संवैधानिक बाध्यता के कारण इस सत्र के लिए अनेक ऐसी व्यवस्थाएं करनी पड़ रही हैं, जो विधानसभा के इतिहास मेें पहली बार होंगी। मसलन दर्शक दीर्घा मेंं भी विधायकों को बैठना पड़ेगा। लॉबी में बैठकर भी विधायक सदन की कार्यवाही का हिस्सा होंगे।































Comments