काशी में पीएम मोदी: प्रधानमंत्री ने 1500 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, बोले- ‘यूपी को अग्रणी राज्य बना रहे सीएम योगी
जनपत की खबर Jul 15, 2021 at 10:34 PM , 339लखनऊ।
पीएम ने रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर सहित 1500 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया
उन्होंने कहा, कोरोना से निपटने में उत्तर प्रदेश के प्रयास उल्लेखनीय हैं
इलाज के लिए कभी दिल्ली और मुंबई जाना पड़ता था, आज वाराणसी में भी उपलब्ध है
यूपी में सरकार आज भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद से नहीं विकासवाद से चल रही है
माफियाराज और आतंकवाद जो कभी बेकाबू हो रहे थे, उन पर अब कानून का शिकंजा है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में हैं। यहां उन्होंने जापान और भारत की दोस्ती के प्रतीक रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर सहित 1500 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने तमाम बिंदुओं पर योगी सरकार की सराहना की। काशी की जनता का धन्यवाद दिया। वाराणसी को वैश्विक पटल पर मिल रही ख्याति के बारे में चर्चा की। स्थानीय मूल्यों को महत्त्व देने में जादूगर पीएम मोदी ने भारत माता की जय और हर हर महादेव से अपना संबोधन शुरू किया।
पूर्वी यूपी की लोकप्रिय भोजपुरी भाषा में संबोधन की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा, “लंबे समय बाद आप सब लोगन से सीधे मुलाकात का अवसर मिलल है। काशी के सभी लोगन के प्रणाम। हम समस्त लोग के दुख हरे वाले भोलेनाथ, माता अन्नपूर्णा के चरण में भी शीश झुकावत हईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। वहां से वह बनारस हिंदू विश्वविद्यालय मैदान पहुंचे। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे।
*उत्तर प्रदेश ने कोरोना पर काबू पाया*
उन्होंने कहा, ‘बीते कुछ महीने हम सभी के लिए बहुत मुश्किल भरे रहे हैं। कोरोना वायरस के बदले हुए और खतरनाक रूप ने पूरी ताकत के साथ हमला किया था। लेकिन काशी सहित, यूपी ने पूरे सामर्थ्य के साथ इतने बड़े संकट का मुकाबला किया। कोरोना से निपटने में उत्तर प्रदेश के प्रयास उल्लेखनीय हैं। आज काशी के विकास से जुड़े 1500 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलन्यास और लोकार्पण करने का अवसर मुझे मिला है। काशी ने दिखा दिया है कि वो रोकती नहीं है।‘ कोरोना से निपटने में उत्तर प्रदेश के प्रयास उल्लेखनीय हैं। मैं काशी के अपने साथियों का, यहां शासन-प्रशासन से लेकर कोरोना योद्धाओं की संपूर्ण टीम का विशेष रूप से आभारी हूं। आपने दिनरात जुटकर जिस प्रकार काशी में व्यवस्थाएं खड़ी कीं, वो बहुत बड़ी सेवा है।’
*इलाज के लिए नहीं जाना होगा बाहर*
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा, ‘उत्तर प्रदेश पूरे देश में कोरोना की सबसे ज़्यादा टेस्टिंग करने वाला राज्य है। आज उत्तर प्रदेश पूरे देश में सबसे ज़्यादा वैक्सीनेशन करने वाला राज्य है। काशी के मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में आज कुछ और कड़ियां जुड़ रही हैं। आज महिलाओं और बच्चों की चिकित्सा से जुड़े नए अस्पताल काशी को मिल रहे हैं। इसमें से 100 बेड की क्षमता बीएचयू में और 50 बेड ज़िला अस्पताल में बढ़े हैं। काशी नगरी आज पूर्वांचल का बहुत बड़ा मेडिकल हब बन रही है। जिन बीमारियों के इलाज के लिए कभी दिल्ली और मुंबई जाना पड़ता था, उनका इलाज आज वाराणसी में भी उपलब्ध है।‘
*कानून का राज है*
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर यूपी सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘यूपी में सरकार आज भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद से नहीं विकासवाद से चल रही है। इसीलिए आज यूपी में जनता की योजनाओं का लाभ सीधा जनता को मिल रहा है। यूपी में नए-नए उद्योगों का निवेश हो रहा है। रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। यूपी में कानून का राज है। माफियाराज और आतंकवाद जो कभी बेकाबू हो रहे थे, उन पर अब कानून का शिकंजा है। बहनों-बेटियों की सुरक्षा को लेकर मां-बाप हमेशा जिस तरह डर और आशंकाओं में जीते थे, वो स्थिति भी बदली है। काशी और पूरे यूपी के विकास के इतने सारे कामों की चर्चा मैं इतनी देर से कर रहा हूं। मगर ये लिस्ट इतनी लंबी है कि जल्दी खत्म नहीं होगी। जब समय का अभाव होता है तो मुझे भी कई बार सोचना पड़ता है कि यूपी के कौन से विकास कार्यों की चर्चा करूं, कौन से कार्यों को छोड़ूं।’
*कारोबारियों को मिल रही सहूलियत*
पीएम मोदी ने कारोबार के लिहाज से यूपी में हो रहे बदलावों को शानदार बताया। उन्होंने कहा, ‘उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। कुछ साल पहले तक जिस यूपी में व्यापार-कारोबार करना मुश्किल माना जाता था, आज मेक इन इंडिया के लिए यूपी पसंदीदा जगह बन रहा है। बड़े बड़े निवेशक आत्मनिर्भर भारत के महायज्ञ से जुड़ रहे हैं। ऐसा नहीं है कि 2017 से पहले यूपी के लिए योजनाएं नहीं आती थीं, पैसा नहीं भेजा जाता था। तब भी दिल्ली से इतने ही तेज प्रयास होते थे। लेकिन तब लखनऊ में उनमें रोड़ा लग जाता था। आज योगी जी खुद कड़ी मेहनत कर रहे हैं। आज यूपी में कानून का राज है।’
*किसानों को मिल रहे मौके*
किसानों के बारे में बोलते हुए पीएम ने कहा, ‘वाराणसी हो या पूर्वांचल हो, यहां पेरिशेबल कार्गो सेंटर व इंटरनेशनल राइस सेंटर जैसी अनेक आधुनिक व्यवस्थाएं आज किसानों के काम आ रही हैं। ऐसे ही अनेक प्रयासों के कारण हमारा लंगड़ा और दशहरी आम आज यूरोप से लेकर खाड़ी देशों में अपनी मिठास बढ़ा रहा है। देश में आधुनिक कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जो 1 लाख करोड़ रुपए का विशेष फंड बनाया गया है, उसका लाभ अब हमारी कृषि मंडियों को भी मिलेगा। ये देश की कृषि मंडियों के तंत्र को आधुनिक और सुविधा संपन्न बनाने की तरफ एक बड़ा कदम है।’
*गंगा आरती का पूरे शहर में होगा प्रसारण*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मां गंगा के अनन्य भक्त हैं। वह कई बार गंगा आरती में हिस्सा ले चुके हैं। आज उन्होंने कहा, ‘बड़ी स्क्रीन्स के माध्यम से गंगा जी के घाट पर और काशी विश्वनाथ मंदिर में होने वाली आरती का प्रसारण पूरे शहर में संभव हो पाएगा। काशी की, मां गंगा की, स्वच्छता और सुंदरता, हम सभी की आकांक्षा भी है और प्राथमिकता भी है। इसके लिए सड़क हो, सीवेज ट्रीटमेंट हो, पार्कों और घाटों का सुंदरीकरण हो, ऐसे हर मोर्चे पर काम हो रहा है। शहर में जगह-जगह लग रही बड़ी-बड़ी LED स्क्रीन्स और घाटों पर लग रहे टेक्नॉलॉजी से लैस इन्फॉर्मेशन बोर्ड, ये काशी आने वालों की बहुत मदद करेंगे। काशी के इतिहास, वास्तु, शिल्प, कला, ऐसी हर जानकारी को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करने वाली ये सुविधाएं श्रद्धालुओं के काफी काम आएंगी।’































Comments