सीबीएसई बोर्ड की 12वीं परीक्षा पर फैसला आज
हेडलाइंस Jun 01, 2021 at 09:50 AM , 276नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई बोर्ड की 12वीं की परीक्षा के बारे में केंद्र सरकार मंगलवार को फैसला कर सकती है। इससे पहले इस बारे में एक बड़ी बैठक हुई थी, लेकिन उसमें कोई फैसला नहीं हो सका था। तब सभी राज्यों से दो दिन में इस बारे में राय देने को कहा गया था। दिल्ली सहित कई राज्य बच्चों को वैक्सीन लगाए बगैर परीक्षा कराने के पक्ष में नहीं थे। उसी समय यह तय हुआ राज्यों की सलाह मिलने के बाद एक जून को इस बारे में फैसला किया जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक इस बारे में फैसले का ऐलान करेंगे।
इससे पहले केंद्र सरकार ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि वह दो दिन में अपने फैसले के बारे में बताएगी। केंद्र सरकार इस पर गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में अपना प्लान पेश करेगी। इस मुद्दे पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस एएम खानविलकर और जस्टिस दिनेश माहेश्वरी की बेंच ने वर्चुअल सुनवाई की। इस दौरान देश के सबसे बड़े कानूनी अधिकारी अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल ने कहा कि केंद्र सरकार दो दिन में तय कर लेगी कि सीबीएसई बोर्ड और कौंसिल ऑफ इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस यानी आईसीएसई की 12वीं की परीक्षा होगी या नहीं। इस मामले पर अगली सुनवाई तीन मई को होगी।
केंद्र की दलील पर दो दिन की मोहलत देते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आपको फैसला लेने के लिए वक्त दिया जाता है। आप जो भी निर्णय लेंगे, उसके पीछे आपको मजबूत दलील देनी होगी। जस्टिस खानविलकर ने कहा- छात्रों को बहुत उम्मीद थी कि इस साल भी पिछले साल की तरह परीक्षा नहीं होगी और अंकों के लिए मेथड सिस्टम अपनाया जाएगा। अदालत ने कहा कि अगर सरकार इससे अलग फैसला करती है तो उसे इसका मजबूत तर्क देना होगा।






























Comments