योगी सरकार और यूपी भाजपा में बड़ा फेरबदल तय, 28 और 29 मई को ये बदलाव होंगे

हेडलाइंस , 313

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश सरकार और भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। लखनऊ से मिली जानकारी के मुताबिक यह बदलाव 28 और 29 मई को होगा। जिसमें न केवल सरकार में बड़े चेहरे बल्कि उत्तर प्रदेश भाजपा में भी बड़ा फेरबदल किया जाएगा। आने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए यह फैसले लिए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यूपी भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने इन बदलावों पर सहमति दे दी है।

*नौकरशाह से नेता बने अरविंद कुमार शर्मा बनेंगे उपमुख्यमंत्री*

बड़े बदलाव में महत्वपूर्ण नाम गुजरात कैडर से आईएएस की नौकरी छोड़कर आए अरविंद कुमार शर्मा का है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अरविंद कुमार शर्मा को राज्य सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। अरविंद कुमार शर्मा अभी उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य हैं। वह महामारी के दौरान वाराणसी समेत पूर्वांचल में सक्रिय रहे हैं। उन्हें वाराणसी में कोरोनावायरस की रोकथाम करने के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अरविंद कुमार शर्मा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेहद करीबी प्रशासनिक अधिकारियों में गिना जाता है। वह गुजरात कैडर के आईएएस थे। करीब 3 महीने पहले स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर राजनीति में आए हैं। इस तरह एक उपमुख्यमंत्री की जगह खाली की जाएगी। 

*केशव प्रसाद मौर्य को एकबार फिर यूपी भाजपा का अध्यक्ष बनाया जाएगा*

मौजूदा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को एक बार फिर उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की कमान सौंपने की तैयारी कर ली गई है। दरअसल, राज्य में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने वाला है। ऐसे में पार्टी को एक सशक्त प्रदेश अध्यक्ष की आवश्यकता है। स्वतंत्र देव सिंह पुराने और कर्मठ कार्यकर्ता हैं, लेकिन उनकी छवि सौम्य स्वभाव वाली है। ऐसे में आने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन पर कड़ाई से पकड़ रखने वाले अध्यक्ष की जरूरत है। लिहाजा, केशव प्रसाद मौर्य को एक बार फिर यूपी बीजेपी की कमान सौंपने का फैसला ले लिया गया है। आपको बता दें कि वर्ष 2017 का विधानसभा चुनाव भाजपा ने केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में ही लड़ा था। वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के दावेदारों में भी शामिल थे, लेकिन उन्हें पार्टी ने उपमुख्यमंत्री बनाकर उनसे प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी वापस ले ली थी।

*प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की फिर राज्य सरकार में वापसी होगी*

उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को एक बार फिर राज्य सरकार में वापस भेजा जाएगा। वह प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने से पहले राज्य सरकार में ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर इंडिपेंडेंट चार्ज थे। अब जानकारी मिल रही है कि उन्हें योगी मंत्रिमंडल में कैबिनेट मिनिस्टर बनाकर वापस भेजा जाएगा। ऐसे में यह भी तय माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के संगठन में एक बार फिर बड़ा बदलाव किया जा सकता है। इसके अलावा योगी आदित्यनाथ सरकार में सात-आठ नए चेहरे देखने को मिलेंगे। भाजपा योगी मंत्रिमंडल का पुनर्गठन करके राज्य में क्षेत्रीय और जातिगत समीकरणों को साधने का प्रयास करेगी ।

*28 और 29 मई को यह सारे बदलाव होने की संभावना है*

भारतीय जनता पार्टी के विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि 28 और 29 तारीख को यह सारे बदलाव हो सकते हैं। इन मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच कई दौर की चर्चा हो चुकी है।

Related Articles

Comments

Back to Top