यूपी के बेसिक शिक्षा मंत्री के भाई ने प्रोफेसर पद से दिया इस्तीफा, नियुक्ति पर उठे थे सवाल

जनपत की खबर , 217

लखनऊ।

उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी के भाई ने असिस्टेंट प्रोफेसर पद से इस्तीफा दे दिया है। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में उनकी नियुक्ति को लेकर बवाल हो गया था। इस्तीफे की पुष्टि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सुरेंद्र दुबे ने की है। कुलपति ने बताया कि अरुण द्विवेदी ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस्तीफा देने की वजह अपने व्यक्तिगत कारण बताए हैं। कुलपति ने बताया कि अरुण द्विवेदी का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है।


आपको बता दें कि बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी के छोटे भाई अरुण द्विवेदी की नियुक्ति सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में मनोविज्ञान के प्रोफेसर के पद पर हुई थी। जिसे लेकर बड़ा बवाल खड़ा हो गया। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस समेत तमाम लोग इस नियुक्ति पर सवाल खड़े कर रहे थे। मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा। मुख्य विपक्षी दल इस नियुक्ति की सीबीआई जांच करवाने की मांग करने लगे। अंततः बुधवार को अरुण द्विवेदी ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के कुलपति ने बताया कि अरुण द्विवेदी ने दोपहर में त्यागपत्र दिया है। उन्होंने इसकी वजह व्यक्तिगत कारण बताए हैं। उनका त्यागपत्र स्वीकार कर लिया गया है।


इस नियुक्ति से 2 दिन पहले ही विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफ़ेसर सुरेंद्र दुबे का कार्यकाल भी बढ़ाया गया था। एक साथ कुलपति के कार्यकाल का विस्तार और बेसिक शिक्षा मंत्री के भाई की बतौर असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्ति संदेह के दायरे में आ गई। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने बेसिक शिक्षा मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उनके खिलाफ सीबीआई जांच करवाने की मांग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की है। दूसरी ओर इस पूरे प्रकरण को लेकर बेसिक शिक्षा मंत्री के भाई ने 2:00 बजे प्रेस कांफ्रेंस बुलाई है। जिसमें वह अपना पक्ष रखेंगे।

Related Articles

Comments

Back to Top