डॉ.महेश शर्मा का घेराव करने कैलाश अस्पताल पहुंचे किसान, भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
अन्य खबरे May 05, 2021 at 12:22 PM , 299नोयडा।
भारतीय किसान यूनियन ने गौतमबुद्ध नगर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.महेश शर्मा के घर का घेराव करने का ऐलान किया था। जिसके बाद बुधवार की सुबह भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता डॉ.महेश शर्मा के नोएडा में स्थित कैलाश अस्पताल में पहुंच गए है। किसानों से बातचीत करने के लिए नोएडा के पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए है।
मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने बताया है कि जिले की हालत लगातार बेकार होती जा रही है। लेकिन डॉ.महेश शर्मा को कुछ पता ही नहीं है। वीडियो जारी करके लोगों से अपील कर रहे है कि कैसे बचे, लेकिन जो लोग तड़प-तड़पकर अपने परिवार के सामने मर रहे है, उनका क्या करें। सांसद होने के नाते उनको अपनी जिम्मेदारियों से भागना नहीं चाहिए। मैदान में लाने के लिए उनका घेराव किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि घेराव की सूचना मिलने के बाद सांसद साहब अपने कैलाश अस्पताल में आ गए। इसलिए हम भी अस्पताल में पहुंच गए है।
किसानों का कहना है कि इस महामारी के दौर में किसान, मजदूर और आम आदमी तड़प तड़पकर मर रहा है। दूसरी ओर सांसद कोठी में आराम से बैठे हुए हैं। आम आदमी के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। ऑक्सीजन, दवाओं, अस्पतालों और दूसरी सुविधाओं का भारी संकट है।
मेरठ मंडल के अध्यक्ष और भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता पवन खटाना ने मंगलवार को कहा था कि बुधवार की सुबह 10:00 बजे बड़ी संख्या में किसान नोएडा कूच करेंगे। जब तक डॉक्टर महेश शर्मा घर से निकलकर जनता की सेवा करने नहीं आएंगे, तब तक उनके घर का घेराव जारी रहेगा। मेरठ मंडल के अध्यक्ष पवन खटाना, एनसीआर के अध्यक्ष सुभाष चौधरी, गौतमबुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष अमित कसाना, नोएडा महानगर अध्यक्ष परविंदर अवाना, एनसीआर के उपाध्यक्ष मटरू नागर और मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने संयुक्त रूप से प्रेस बयान जारी किया है।
पवन खटाना का कहना है कि कोरोना वायरस की वजह से हाहाकार मचा हुआ है। किसान, मजदूर और गरीब बगैर ऑक्सीजन के तड़प रहे हैं। जान गवा रहे हैं। अस्पताल, दवाएं, ऑक्सीजन और वेंटिलेटर उपलब्ध नहीं हैं। इस व्यवस्था के विरोध में बुधवार को किसान नोएडा में सेक्टर-15ए जाकर सांसद डॉ.महेश शर्मा के घर का घेराव करेंगे। इस बारे में करीब 10 दिन पहले नोटिस भेज दिया गया था। पिछले 10 दिनों में व्यवस्था सुधारने के लिए सांसद ने कोई कदम नहीं उठाया है। लिहाजा, अब आम आदमी को सड़क पर उतरना पड़ेगा।
पवन खटाना ने किसानों से अपील की है कि सभी किसान सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.महेश शर्मा का घेराव करने पहुंचे। सभी मास्क लगाकर और हाथ में सैनिटाइजर लेकर महामाया फ्लाईओवर के नीचे एकत्र हों। पवन खटाना ने कहा कि हम लोग किस लिए जनप्रतिनिधि चुनते हैं। जनप्रतिनिधि चुनने का मकसद यह है कि जब विपदा का समय आए तो हमारे प्रतिनिधि हमारे बीच नजर आएं। पिछले एक महीने से डॉक्टर महेश शर्मा का कोई अता पता नहीं है। हम रोड पर तड़प तड़पकर मर रहे हैं और वे ऐशोआराम की जिंदगी अपनी कोठियों में काट रहे हैं। हमें मरीजों के लिए ऑक्सीजन, वेंटिलेटर और हॉस्पिटलों में सुविधा चाहिए। ।।






_page-0001.jpg)




















Comments