कोई मतदाता न छूटे! विशेष अभियान दिवस पर आज सभी मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ
राष्ट्रीय Nov 21, 2026 at 10:52 AM , 21**लखनऊ।** प्रदेश में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से 21 एवं 22 नवंबर (शनिवार और रविवार) को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे और मतदाताओं की सहायता करेंगे।
विशेष अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए मतदान केंद्रों पर फॉर्म-6, नाम हटाने अथवा आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 और मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन या अन्य आवश्यक परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी सक्रिय रहेगी, जहां मतदाता पंजीकरण और आवेदन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा मतदाता संबंधी जानकारी, सहायता एवं शिकायतों के निस्तारण के लिए हेल्पलाइन नंबर **1950** भी सक्रिय रखा गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारी भी विभिन्न जनपदों में पहुंचकर विशेष अभियान का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता का आकलन करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे विशेष अभियान दिवस पर अपने मतदेय स्थल पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकता है। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज किसी भी विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
निर्वाचन विभाग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और सभी पात्र नागरिकों को मताधिकार का अवसर सुनिश्चित हो सके।






_page-0001.jpg)
























Comments