हुनरमंद युवाओं की बढ़ेगी मांग, कागजी डिग्री से ज्यादा कौशल की होगी कद्र: पीएम मोदी
जनपत की खबर Nov 21, 2026 at 07:20 PM , 25**पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में बोले प्रधानमंत्री- युवा विकसित भारत की नई ऊर्जा, आईटीआई में दाखिला अब शर्म नहीं गर्व की बात**
**लखनऊ।** प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और विकसित भारत की नई ऊर्जा भी। युवाओं की प्रतिभा और कौशल ही भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कागजी सर्टिफिकेट और डिग्रियों से ज्यादा हुनरमंद लोगों की कद्र होगी। जिसके पास कौशल है, उसकी मांग लगातार बढ़ने वाली है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के हुनर और कौशल पर पहले विदेशी आक्रांताओं ने चोट पहुंचाई और अंग्रेजों ने भी भारतीय कौशल को तबाह करने का काम किया। अंग्रेजों ने भारत की इसी प्रतिभा और कौशल का इस्तेमाल अपने विकास के लिए किया। उन्होंने कहा कि हुनर ही भारत को महान बना सकता है। इसलिए युवाओं को अपने कौशल पर गर्व करना चाहिए।
पीएम मोदी ने आईटीआई की शिक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय था जब आईटीआई में दाखिला लेने को लेकर युवाओं में झिझक रहती थी, लेकिन अब आईटीआई में प्रवेश लेना शर्म की नहीं, बल्कि गर्व की बात है। देश में अब केवल कागजी प्रमाणपत्रों का दौर नहीं रहने वाला है। आने वाला समय हुनर और व्यावहारिक दक्षता का है। कोट-पैंट और टाई पहनकर कागजी सर्टिफिकेट लेकर घूमने वालों की तुलना में वास्तविक कौशल रखने वाले युवाओं की मांग अधिक बढ़ेगी।
**सोने की खरीद का किया जिक्र**
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में सोने की खरीद और देश की आर्थिक परिस्थितियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में संसद में उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) के बॉन्ड में निवेश को लेकर अपनी बात रखी थी। उस समय कुछ लोगों ने उनका मजाक उड़ाया था, लेकिन बाद में निवेश करने वालों को लाभ हुआ।
उन्होंने बताया कि उन्होंने देशवासियों से अपील की थी कि यदि एक साल तक सोना खरीदने की आवश्यकता न हो तो खरीदारी टाल दें। प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासियों ने उनकी अपील पर ध्यान दिया और सोने की खरीद कम की।
पीएम मोदी ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि देश का भविष्य कौशल, मेहनत और आत्मनिर्भरता से तय होगा। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं को अपनी प्रतिभा को निखारना होगा और बदलती तकनीक के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा।
उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति और उसका हुनर ही देश को विकसित राष्ट्र बनाने की सबसे बड़ी पूंजी है।






_page-0001.jpg)
























Comments