खाद-बीज और कीटनाशक में ओवर रेटिंग व टैगिंग बर्दाश्त नहीं: कृषि मंत्री

जनपत की खबर , 11

**कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उपकार के अनुसंधान कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश, किसानों को योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने पर जोर**
 
लखनऊ, 19 अगस्त। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बुधवार को कृषि भवन सभागार में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों और योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद (उपकार) के कार्यों, खाद-बीज एवं कीटनाशक व्यापारियों की समस्याओं, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के "इनोवेशन हब यूपी" तथा उत्तर प्रदेश को ग्लोबल एग्री हब बनाने के लिए प्रस्तावित "यूपी कृषि महाकुंभ-2026" से संबंधित प्रस्तुतीकरण का अवलोकन किया।
 
समीक्षा के दौरान कृषि मंत्री ने उपकार को पिछले वर्ष आवंटित बजट के उपयोग और कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अनुसंधान तथा फसलों की नई प्रजातियों के विकास में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
 
कृषि आदान व्यापारियों के साथ बैठक में किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक आसानी से उपलब्ध कराने तथा व्यापार में आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कृषि मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसानों से **ओवर रेटिंग और टैगिंग** जैसी गतिविधियां किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि किसानों को निर्धारित दरों पर कृषि आदान उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही व्यापारियों को आश्वस्त किया कि व्यापार से जुड़ी व्यावहारिक और तकनीकी समस्याओं का सरकार द्वारा शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
 
"इनोवेशन हब यूपी" के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों के हित में बनाई जाने वाली प्रत्येक योजना का वास्तविक लाभ सीधे किसानों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने प्रस्तुतीकरण की दोबारा गहन समीक्षा करने के निर्देश दिए।
 
बैठक में प्रमुख सचिव कृषि रवींद्र, विशेष सचिव कृषि लाल बहादुर यादव, महानिदेशक उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद संजय सिंह, निदेशक कृषि टीएम त्रिपाठी सहित कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top