**लखनऊ अग्निकांड: प्रशासन का बड़ा एक्शन, LDA के AE-जेई समेत कई अधिकारियों पर गिरी गाज; तीन आरोपी गिरफ्तार**

जनपत की खबर , 18

 **लखनऊ।** राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड मामले में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के सहायक अभियंता (AE) अनिल कुमार और अवर अभियंता (JE) प्रमोद पांडे को निलंबित कर दिया गया है।
 
इसके अलावा ऊर्जा विभाग के जानकीपुरम स्थित एक्सईएन कलेक्शन गौरव कुमार तथा इंदिरानगर फायर स्टेशन के प्रभारी एफएसएसओ कमलेन्द्र कुमार सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। कमलेन्द्र कुमार सिंह उसी फायर स्टेशन के प्रभारी हैं, जिसके क्षेत्राधिकार में यह घटना हुई थी। मामले की विभागीय जांच जारी है और लापरवाही की जिम्मेदारी तय की जा रही है।
 
## **तीन आरोपी गिरफ्तार, बिल्डिंग मालिक भी पुलिस के शिकंजे में**
 
अलीगंज थाना क्षेत्र में 22 जून 2026 को हुई आग लगने की घटना में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में थाना अलीगंज में मुकदमा संख्या 115/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ **धारा 110 BNS, 105 BNS, 125 BNS, 3(5) BNS और उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा अधिनियम की धारा 6/10** के तहत कार्रवाई की गई है।
 
गिरफ्तार आरोपियों में—
 
 
1.  
**रामकृष्ण उपाध्याय (43 वर्ष)** निवासी MM-232, सेक्टर-D, अलीगंज, शिव मंदिर के पास, लखनऊ।
 
 
2.  
**वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला (62 वर्ष)** निवासी 536/265-A, मदेयगंज, बड़ा दुर्गा मंदिर के पास, सीतापुर रोड, लखनऊ।
 
 
3.  
**तुशांक कृष्ण जायसवाल (31 वर्ष)** निवासी 441 RN/69/3, नीलकंठ हॉस्पिटल लेन, बालागंज, लखनऊ।
 
 

 
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
 
## **LDA ने गठित की पांच सदस्यीय जांच टीम**
 
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (VC) प्रथमेश कुमार ने अग्निकांड की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की है। टीम का नेतृत्व ज्ञानेंद्र वर्मा करेंगे। इसमें केके गौतम, मानवेंद्र सिंह, मनोज सागर और रविनंदन सिंह शामिल हैं।
 
जांच टीम घटना के सभी पहलुओं, भवन निर्माण से जुड़े नियमों, विभागीय लापरवाही और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल करेगी।
 
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top