योग दिवस पर यूपी में होगा सामूहिक योगाभ्यास, मुख्यमंत्री झांसी से देंगे विकास की सौगात; महोबा-हमीरपुर में 1333 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
राष्ट्रीय Jun 20, 2026 at 09:05 PM , 38लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार 21 जून को उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश के प्रमुख जनप्रतिनिधि अलग-अलग स्थानों पर योगाभ्यास कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देंगे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुंदेलखंड दौरे पर रहेंगे और महोबा व हमीरपुर को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल राजभवन में योगाभ्यास करेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झांसी के किला मैदान में सुबह 6 बजे आयोजित योग कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज के संगम नोज, त्रिवेणी तट पर सुबह 7 बजे योगाभ्यास करेंगे, जबकि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक लखनऊ स्थित द रेजीडेंसी में सुबह 6 बजे योग कार्यक्रम में भाग लेंगे।
महोबा और हमीरपुर को मिलेगी 1333 करोड़ की विकास परियोजनाएं
योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुंदेलखंड को विकास की बड़ी सौगात भी देंगे। मुख्यमंत्री महोबा में सुबह 11 बजे पहुंचकर करीब 697 करोड़ रुपये की लागत वाली 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री हमीरपुर जाएंगे, जहां अपराह्न 1 बजे करीब 636 करोड़ रुपये की 75 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
इन परियोजनाओं से दोनों जिलों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों के साथ प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के संदेश को भी आगे बढ़ाएगी।




























Comments